scorecardresearch
 

बिहार: पूर्णिया की महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी रील बनाने पर सस्पेंड, SP की कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप

बिहार के पूर्णिया में महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी को वर्दी में सोशल मीडिया पर रील बनाने और SOP का उल्लंघन करने पर निलंबित कर दिया गया. पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के बावजूद उनकी कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ. स्वीटी सहरावत ने कार्रवाई करते हुए कहा कि अनुशासन और पुलिस की छवि से समझौता नहीं होगा. शबाना आजमी पहले भी विवादों में रह चुकी हैं, जिससे विभाग ने सख्त रुख अपनाया है.

Advertisement
X
SHO शबाना आजमी लगातार रील बना रही थीं. Photo ITG
SHO शबाना आजमी लगातार रील बना रही थीं. Photo ITG

बिहार पुलिस मुख्यालय के सख्त निर्देशों और तय मानक संचालन प्रक्रिया की अनदेखी करना पूर्णिया की महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी को महंगा पड़ गया है. पुलिस मुख्यालय के कड़े रुख के बाद पूर्णिया एसपी स्वीटी सहरावत ने अनुशासनहीनता के आरोप में महिला थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. 

इस कार्रवाई ने जिले के उन पुलिसकर्मियों के बीच हड़कंप मचा दिया है जो वर्दी की गरिमा भूलकर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं. मामला पूर्णिया जिले का है, जहां महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पुलिस वर्दी में लगातार रील्स साझा की जा रही थीं. 

पुलिस मुख्यालय ने पहले ही स्पष्ट SOP जारी कर वर्दी में रील बनाने या किसी भी प्रकार के फोटोशूट पर रोक लगाई है. मुख्यालय के संज्ञान में यह बात आई कि शबाना आजमी इन निर्देशों का उल्लंघन कर रही हैं, जिसके बाद एसपी ने जांच कर उनके निलंबन का आदेश जारी किया.

शबाना आजमी पहले भी विवादों में रही हैं
शबाना आजमी का विवादों से पुराना नाता रहा है. जब वे कसबा थाना में एसआई थीं और बाद में फणीश्वर नाथ रेणु टीओपी की प्रभारी बनीं, तब भी उनके वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे. उन पर अपनी आधिकारिक कुर्सी पर परिजनों को बैठाने जैसे गंभीर आरोप भी लगे थे. 

Advertisement

पुलिस मुख्यालय और डीजीपी द्वारा समय-समय पर दी गई चेतावनियों के बावजूद उनकी कार्यशैली में सुधार नहीं दिखा, जिसे अनुशासनहीनता का चरम माना गया. पूर्णिया एसपी स्वीटी सहरावत ने स्पष्ट किया कि पुलिस की छवि और अनुशासन से कोई समझौता नहीं होगा. उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय की ओर से पुलिस कर्मियों द्वारा वर्दी में रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालने के संबंध में एक SOP निर्गत है. 

उन्होंने कहा, महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी द्वारा इसका उल्लंघन किया जा रहा था, जिसके आरोप में उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. सभी पुलिस कर्मियों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे ऐसा आचरण न रखें, अन्यथा सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement