scorecardresearch
 

बिहार में सम्राट युग, नए मुख्यमंत्री ने ली शपथ, पहली बार बना बीजेपी का CM

बिहार में सत्ता का नया अध्याय शुरू हो गया है. सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही नीतीश युग पर विराम और बीजेपी के उभार की नई कहानी शुरू हो गई है. गठबंधन के संतुलन के बीच सत्ता का यह बदलाव आने वाले सियासी समीकरणों की दिशा तय करेगा.

Advertisement
X
सम्राट चौधरी के साथ दो डिप्टी सीएम ने भी शपथ ली (फाइल फोटो- PTI)
सम्राट चौधरी के साथ दो डिप्टी सीएम ने भी शपथ ली (फाइल फोटो- PTI)

बिहार को आखिरकार नया 'चौधरी' मिल गया. सम्राट चौधरी ने बुधवार को बिहार के नए सीएम के रूप में शपथ ली. लंबे समय तक सत्ता के केंद्र में रहे नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद उनको ये मौका मिला. सम्राट बिहार के 24वें मुख्यमंत्री हैं. राज्य में पहली बार बीजेपी का कोई नेता इस पद तक पहुंच पाया है.

सम्राट के साथ-साथ राज्य को दो नए डिप्टी सीएम भी मिले हैं. जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली. मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया.

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने लोक भवन में चौधरी को मुख्यमंत्री के रूप में और विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को मंत्रिपरिषद के सदस्यों के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

क्लिक कर पढ़ें- सम्राट के साथ डिप्टी सीएम बने नीतीश के 'विजय-बिजेंद्र', जानिए दोनों नेताओं का बैकग्राउंड

बिहार में सत्तारूढ़ एनडीए (जिसमें बीजेपी, जेडीयू और तीन अन्य पार्टियां शामिल हैं) के शीर्ष नेता समारोह में शामिल हुए. इनमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और चिराग पासवान, नीतीश कुमार और एनडीए के सभी विधायक शामिल थे.

Advertisement

नीतीश कुमार, जो अब राज्यसभा सांसद हैं, ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. साथ ही अपने मंत्रिमंडल को भंग कर दिया. इसमें सम्राट चौधरी उपमुख्यमंत्री थे और उनके पास महत्वपूर्ण गृह मंत्रालय का प्रभार था.

सम्राट चौधरी फिलहाल तारापुर से बीजेपी विधायक हैं. वह 2017 में बीजेपी में शामिल हुए थे. इससे पहले वह RJD और JDU में भी रहे.

सम्राट चौधरी 1999 में पहली बार बिहार सरकार में मंत्री बने थे. राबड़ी सरकार में कृषि मंत्री बनने के बाद उम्र विवाद को लेकर चर्चा में भी आए. शकुनी चौधरी के बेटे सम्राट चौधरी को लालू यादव ने एक युवा और अन्य पिछड़ा वर्ग के चेहरे के तौर पर मौका दिया था.

क्लिक कर पढ़ें- सम्राट के शपथ ग्रहण में 'वंदे मातरम्' के साथ न्याय... बिहार लोकभवन में गाये गए काटे गए चार पैराग्राफ

उनको मंगलवार को बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान (केंद्रीय पर्यवेक्षक) की मौजूदगी में विधायी दल का नेता नामित किया गया था.

कोइरी जाति से आते हैं सम्राट

सम्राट चौधरी कोइरी जाति (OBC) से आते हैं. सीएम पोस्ट तक पहुंचने वाले कोइरी जाति के वे दूसरे व्यक्ति हैं. उनसे पहले 1968 में सतीश प्रसाद सिंह (कांग्रेस) ऐसा करने वाले पहले थे. लेकिन वे मुख्यमंत्री के रूप में मुश्किल से पांच दिनों का कार्यकाल ही बिता पाए. क्योंकि कांग्रेस ने अपना समर्थन वापस ले लिया और गठबंधन सरकार गिर गई.

Advertisement

सम्राट चौधरी ने एक और रिकॉर्ड बनाया है. भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के बाद वो इकलौते हैं जो बिहार में उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री दोनों पदों पर रहे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement