घर में पौधे लगाने का शौक तो बहुत लोगों को होता है, लेकिन रोजाना उनकी देखभाल करना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. अगर आप भी व्यस्त रहते हैं या पौधों को पानी देना भूल जाते हैं, तो कुछ ऐसे पौधे हैं जिन्हें बहुत कम देखभाल की जरूरत होती है. ये पौधे कम रोशनी, कम पानी और बदलते मौसम में भी आसानी से बढ़ते रहते हैं.
गोल्डन पोथोस (Golden Pothos)
गोल्डन पोथोस घर के लिए सबसे आसान पौधों में से एक माना जाता है. यह कम रोशनी में भी बढ़ सकता है और इसे बार-बार पानी देने की जरूरत नहीं होती. इसकी बेल तेजी से फैलती है और इसकी कटिंग लगाकर नए पौधे भी तैयार किए जा सकते हैं. मिट्टी की ऊपरी परत सूखने पर ही पानी देना काफी होता है.
जेड प्लांट (ZZ Plant)
अगर आप पौधों की देखभाल में लापरवाह हो जाते हैं तो जेड प्लांट आपके लिए बेहतर विकल्प है. यह कम रोशनी, कम पानी और अलग-अलग तापमान में भी जीवित रह सकता है. गर्मियों में इसे महीने में एक बार और सर्दियों में इससे भी कम पानी की जरूरत पड़ सकती है.
स्नेक प्लांट (Snake Plant)
स्नेक प्लांट को ‘मदर-इन-लॉ टंग’ भी कहा जाता है. इसकी पत्तियां मजबूत होती हैं और यह घर के अंदर अलग-अलग रोशनी की स्थिति में आसानी से बढ़ जाता है. इसकी मिट्टी पूरी तरह सूखने के बाद ही पानी देना चाहिए.
स्पाइडर प्लांट (Spider Plant)
स्पाइडर प्लांट शुरुआती बागवानों के लिए अच्छा विकल्प है. यह तापमान, रोशनी और नमी में बदलाव को आसानी से सहन कर लेता है. समय के साथ इसमें छोटे-छोटे नए पौधे निकलते हैं, जिन्हें अलग गमलों में लगाया जा सकता है.
स्टोनक्रॉप (Stonecrop)
यह एक ऐसा पौधा है जो सूखे मौसम में भी आसानी से जीवित रहता है. इसकी मोटी पत्तियों में पानी जमा रहता है, इसलिए इसे बार-बार सिंचाई की जरूरत नहीं पड़ती. इसे धूप वाली जगह और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी पसंद है.
पीस लिली (Peace Lily)
पीस लिली घर की खूबसूरती बढ़ाने वाला कम देखभाल वाला पौधा है. इसे सीधी धूप से बचाना चाहिए. अगर कभी पानी देना भूल जाएं तो इसकी पत्तियां मुरझा सकती हैं, लेकिन पानी मिलने के बाद यह फिर से ठीक हो जाता है.
इंग्लिश आइवी (English Ivy)
इंग्लिश आइवी को घर के अंदर और बाहर दोनों जगह लगाया जा सकता है. यह कम रोशनी में भी बढ़ सकता है और इसकी बढ़ती हुई बेलों को जरूरत के हिसाब से काटकर आकार दिया जा सकता है.
फाउंटेन ग्रास (Fountain Grass)
अगर आप बालकनी या पोर्च को सजाना चाहते हैं तो फाउंटेन ग्रास अच्छा विकल्प है. यह कम पानी में भी टिकता है और ज्यादा खाद की जरूरत नहीं होती. इसे धूप वाली जगह पर लगाने से इसकी ग्रोथ बेहतर होती है.
कम मेहनत में सुंदर घर के लिए बेहतर विकल्प
ऐसे पौधे उन लोगों के लिए खासतौर पर उपयोगी हैं जो पहली बार गार्डनिंग शुरू कर रहे हैं या जिनके पास पौधों की रोजाना देखभाल का समय नहीं है. सही गमला, अच्छी जल निकासी और जरूरत के हिसाब से पानी देकर ये पौधे लंबे समय तक घर को हरा-भरा बनाए रख सकते हैं.