पश्चिम एशिया में जारी भीषण युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि तेहरान पर हुए एक बड़े हमले में ईरान के शीर्ष सैन्य नेतृत्व को खत्म कर दिया गया है. ट्रंप ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए इसे 'टर्मिनेटेड' बताया है. अमेरिका ने ये कार्रवाई ट्रंप द्वारा तेहरान को दी गई उस 48 घंटे की समयसीमा के बीच की है, जिसमें उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने या गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी.
वहीं, ईरान ने ट्रंप के इस वीडियो पर तीखी प्रतिक्रिया दी है और ईरान के दूतावास ने ट्रंप के बार-बार रेजीम चेंज के आह्वान का मजाक उड़ाया है. उन्होंने कहा कि असली राजनीतिक उथल-पुथल वॉशिंगटन में हो रही है.
शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पोस्ट में दावा किया कि तेहरान के कई शीर्ष सैन्य नेताओं को ईरानी राजधानी पर हुए बड़े हमले में मार गिराया गया है. इस पोस्ट के साथ एक मिनट सात सेकंड का वीडियो भी था, जिसमें कथित तौर पर अंधेरी रात में आसमान में विस्फोटों से रोशनी दिख रही है. ये पोस्ट पश्चिम एशिया में तेजी से बढ़ते तनाव और संघर्ष के अगले चरण को लेकर बढ़ती अनिश्चितता के बीच आया है.
दरअसल, राष्ट्रपति ट्रंप ने बीते दिनों तेहरान को चेतावनी दी कि यदि वो वाशिंगटन के साथ समझौता नहीं करते या वैश्विक तेल मार्ग 'होर्मुज' को नहीं खोलते, तो उन पर कयामत (all hell) बरसाई जाएगी. ये तनाव तब और बढ़ गया जब पिछले 24 घंटों में ईरान ने दो अमेरिकी युद्धविमानों को मार गिराया. इस छह हफ्ते लंबे युद्ध में ये अमेरिका का पहला बड़ा नुकसान है.
पेंटागन ने पुष्टि की है कि एक चालक दल का सदस्य अब भी दुश्मन के इलाके में लापता है, जिसे बचाने के लिए अमेरिकी बचाव दल और हेलीकॉप्टरों को भारी गोलीबारी का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि, एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी सेना ने ईरान में लापता सैनिक को रेस्क्यू कर लिया है.
पेंटागन में बड़ा फेरबदल
उधर, युद्ध के बीच वाशिंगटन की आंतरिक राजनीति में भी बड़ा भूकंप आया है. रक्षा सचिव पेट हेगसेथ ने आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रैंडी जॉर्ज को तुरंत पद छोड़ने और रिटायर होने को कहा है. हालांकि, इसका कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया, लेकिन इसे ट्रंप प्रशासन द्वारा सैन्य नेतृत्व में किए जा रहे बड़े बदलावों के रूप में देखा जा रहा है.
जनरल जॉर्ज अगस्त 2023 से इस पद पर थे, लेकिन हेगसेथ द्वारा अब तक कई शीर्ष जनरलों और एडमिरलों को हटाए जाने के बाद अब उनकी भी छुट्टी कर दी गई है.
ईरान का पलटवार
ईरान ने इन हमलों और वाशिंगटन के घटनाक्रम पर सोशल मीडिया के जरिए तीखी प्रतिक्रिया दी है. दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान में स्थित ईरानी दूतावासों ने ट्रंप के रिजीम चेंज (सत्ता परिवर्तन) के नारों का मजाक उड़ाया है.
ईरानी दूतावास ने अमेरिकी सैन्य अधिकारियों की तस्वीरों के साथ पोस्ट किया, "रिजीम चेंज सफलतापूर्वक हो गया, जो वाशिंगटन में सैन्य नेतृत्व के हटाए जाने की ओर इशारा था. वहीं, लापता अमेरिकी पायलट के मुद्दे पर ईरान ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अमेरिकी सैनिक ईरान की हिरासत के बजाय ट्रंप के नेतृत्व में ज्यादा खतरे में हैं.