scorecardresearch
 

अमेरिका में ट्रंप की पकड़ ढीली? अर्थव्यवस्था पर घटा भरोसा, इमिग्रेशन पर समर्थकों का अटूट विश्वास

डोनाल्ड ट्रंप पर आए नए सर्वे में उनकी ताकत और कमजोरियों दोनों की तस्वीर दिखी है. रिपोर्ट बताती है कि किन मुद्दों पर उन्हें झटका लगा और किस मुद्दे पर अब भी उनका दबदबा कायम है.

Advertisement
X
ap norc poll highlights public stance on trump policies. (File Photo: Reuters)
ap norc poll highlights public stance on trump policies. (File Photo: Reuters)

अमेरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता पहले के मुकाबले घटी है, लेकिन इमिग्रेशन का मुद्दा अब भी उनके लिए सबसे मजबूत हथियार बना हुआ है. नई AP-NORC पोल बताती है कि अर्थव्यवस्था, ईरान और हेल्थकेयर जैसे मुद्दों पर ट्रंप की रेटिंग गिरी है, जबकि रिपब्लिकन समर्थक सबसे ज्यादा भरोसा अब भी उनकी इमिग्रेशन नीति पर जता रहे हैं.

अमेरिका में हुए इस सर्वे के मुताबिक, कुल 39 प्रतिशत लोगों ने इमिग्रेशन के मुद्दे पर ट्रंप के काम को सही माना. हालांकि उनके दूसरे कार्यकाल की शुरुआत में यह आंकड़ा 49 फीसदी था. यानी इस मोर्चे पर भी समर्थन कम हुआ है, लेकिन बाकी बड़े मुद्दों के मुकाबले यह अब भी बेहतर है. करीब 10 में से 8 रिपब्लिकन ट्रंप की इमिग्रेशन नीति का समर्थन कर रहे हैं. वहीं अर्थव्यवस्था और ईरान को लेकर उनकी पार्टी के भीतर भी पहले जैसी मजबूती नहीं दिख रही.

अर्थव्यवस्था पर बढ़ी नाराजगी

सर्वे में सिर्फ 32 प्रतिशत अमेरिकी वयस्कों ने अर्थव्यवस्था संभालने के तरीके पर ट्रंप का समर्थन किया. दूसरे कार्यकाल की शुरुआत में यह आंकड़ा 40 फीसदी था. बड़ी संख्या में लोगों का कहना है कि महंगाई अब भी बड़ी चिंता है. करीब 10 में से 7 अमेरिकी देश की अर्थव्यवस्था को खराब या बहुत खराब मानते हैं.

Advertisement

एक रिपब्लिकन मतदाता (सैन एंटोनियो ) ने भी माना कि रोजमर्रा का खर्च बढ़ गया है. उसने कहा कि किराने का सामान खरीदने से पहले भी बजट का हिसाब लगाना पड़ता है. इससे साफ है कि ट्रंप के समर्थकों में भी महंगाई को लेकर चिंता बनी हुई है.

इमिग्रेशन पर देश बंटा हुआ

सर्वे के अनुसार, करीब आधे अमेरिकी मानते हैं कि बिना वैध दस्तावेज वाले प्रवासियों को देश से निकालने के मामले में ट्रंप जरूरत से ज्यादा सख्ती कर रहे हैं. कानूनी इमिग्रेशन पर रोक लगाने के मामले में भी लगभग इतनी ही राय सामने आई. वहीं करीब 3 में से एक व्यक्ति का कहना है कि ट्रंप का रुख ठीक है, जबकि कुछ लोगों का मानना है कि उन्हें इससे भी ज्यादा सख्ती करनी चाहिए.

इमिग्रेशन कानून लागू करने वाली एजेंसी ICE के कामकाज को लेकर भी लोगों की राय बंटी हुई है. करीब आधे अमेरिकी एजेंसी के काम से असंतुष्ट हैं, जबकि लगभग 30 प्रतिशत उसका समर्थन करते हैं. रिपब्लिकन समर्थकों में ICE के लिए समर्थन काफी ज्यादा है.

हेल्थकेयर और ईरान पर भी झटका

हेल्थकेयर के मुद्दे पर ट्रंप की स्थिति कमजोर बनी हुई है. सिर्फ करीब 30 फीसदी अमेरिकी उनके काम से संतुष्ट हैं. ईरान के मामले में भी पिछले महीने के मुकाबले रिपब्लिकन समर्थकों का भरोसा थोड़ा कम हुआ है.

Advertisement

कुल मिलाकर यह सर्वे दिखाता है कि ट्रंप के लिए इमिग्रेशन अब भी सबसे मजबूत चुनावी मुद्दा है. दूसरी तरफ अर्थव्यवस्था, महंगाई, हेल्थकेयर और विदेश नीति जैसे मुद्दों पर उन्हें पहले से ज्यादा सवालों का सामना करना पड़ रहा है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement