scorecardresearch
 

अरब सागर में मिला PAK के लापता कार्गो प्लेन का मलबा, 5 क्रू मेंबर की तलाश जारी

समुद्र के ऊपर होने वाले विमान हादसों की जांच अक्सर सबसे चुनौतीपूर्ण मानी जाती है. गहरे समुद्र में मलबा तलाशने से लेकर ब्लैक बॉक्स की रिकवरी तक हर चरण में कई एजेंसियां जुटती हैं. ऐसे मामलों में शुरुआती सुराग ही दुर्घटना की असली वजह तक पहुंचने का आधार बनते हैं.

Advertisement
X
12 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद मिला मलबा, 34 हजार फीट की ऊंचाई से लापता हुआ था प्लेन. (Photo: PTI)
12 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद मिला मलबा, 34 हजार फीट की ऊंचाई से लापता हुआ था प्लेन. (Photo: PTI)

शारजाह (UAE) से कराची के लिए उड़ान भरने के दौरान लापता हुए K2 एयरवेज के कार्गो बोइंग 737 विमान का मलबा अरब सागर में बरामद कर लिया गया है. पाकिस्तानी अधिकारियों ने बुधवार को इसकी पुष्टि की. विमान में पांच क्रू मेंबर सवार थे. फिलहाल सभी की तलाश जारी है.

पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (PAA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि कराची की प्राइवेट एयरलाइन K2 एयरवेज द्वारा ऑपरेट किए जा रहे बोइंग 737 कार्गो एयरक्राफ्ट का मलबा बलूचिस्तान तट पर ओरमारा से 53 नॉटिकल मील दक्षिण में मिला है.

PAA के मुताबिक, पाकिस्तान नेवी और मैरीटाइम सिक्योरिटी एजेंसी (PMSA) ने गहरे अरब सागर में करीब 12 घंटे तक सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. इसके बाद विमान के मलबे का सफलतापूर्वक पता लगाया गया. इसके बाद उसकी पहचान भी कर ली गई है.

एजेंसी ने कहा, "लापता क्रू मेंबर्स को ढूंढने की कोशिशें जारी हैं." मलबा उसी इलाके के पास मिला है, जहां मंगलवार रात विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क टूटा था. सूत्रों के हवाले से बताया गया कि प्लेन क्रैश में पांचों क्रू मेंबर्स के बचने की उम्मीद बहुत कम है.

Advertisement

विमान में कौन-कौन था सवार?

क्रैश हुए इस कार्गो विमान में सवार सभी पांच क्रू मेंबर पाकिस्तानी नागरिक थे. इनमें कैप्टन मुहम्मद रिजवान इदरीस, फर्स्ट ऑफिसर फैसल जटोई, फ्लाइट इंजीनियर मुहम्मद हामिद, फ्लाइट इंजीनियर मुहम्मद आरिफ सिद्दीकी और लोडमास्टर मुहम्मद तौफीक खान शामिल थे.

क्रैश की वजह की जांच जारी

एक अधिकारी ने बताया कि मलबा मिलने के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया है. जांच एजेंसियां सबूत जुटाने और रिकवरी ऑपरेशन में लगी हैं. हादसे की वजह का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है. क्रू मेंबर्स और विमान की रिकवरी से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जा रही है.

तेज रेस्क्यू ऑपरेशन के निर्देश

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सिविल एविएशन अथॉरिटी (CAA), पाकिस्तान नेवी और पाकिस्तान एयर फोर्स को अरब सागर में सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए थे. वहीं, राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हादसे पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. 

विमान में आई तकनीकी खराबी

राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सरकार इस कठिन समय में परिवारों के साथ पूरी एकजुटता से खड़ी है. बताया गया कि विमान करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी वह लापता हो गया. तकनीकी खराबी के बाद विमान 10 दिनों तक शारजाह में खड़ा रहा था. 

Advertisement

नेविगेशनल सिस्टम में खराबी

इसके बाद दोबारा उड़ान के लिए रवाना किया गया. K2 एयरवेज कराची की एक प्राइवेट एयरलाइन है, जो साल 2018 से कार्गो फ्लाइट्स का संचालन कर रही है. PAA ने पहले बताया था कि मंगलवार रात 09:18 बजे (लोकल टाइम) कार्गो फ्लाइट ने नेविगेशनल सिस्टम में खराबी की सूचना दी थी.

टूटा संपर्क और कम्युनिकेशन

इसके बाद कराची एरिया कंट्रोल सेंटर (ACC) ने तुरंत विमान को गाइड करना शुरू किया. हालांकि, रात 09:22 बजे एयरक्राफ्ट रडार पर तेजी से नीचे उतरता दिखाई दिया. इसके तुरंत बाद कराची से करीब 155 नॉटिकल मील पश्चिम में रडार संपर्क और कम्युनिकेशन पूरी तरह टूट गया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement