रूस की राजधानी मॉस्को में शनिवार शाम एक रेस्टोरेंट के पास भीषण विस्फोट हुआ. इस हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए. स्थानीय समय के मुताबिक ये धमाका रात लगभग 8 बजे समर टेरेस के पास हुआ.
ये हादसा मॉस्को के कुद्रिंस्काया स्क्वायर स्थित एक ऊंची इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बने रेस्टोरेंट में हुआ. रूस की सरकारी मीडिया और मॉस्को पुलिस ने इस हादसे की पुष्टि की है. अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट में घायल हुए लोगों को गंभीर और हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया.
मॉस्को जांच समिति के मुताबिक जांच अधिकारी, फोरेंसिक विशेषज्ञ और इमरजेंसी सर्विसेज मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं.
गैस सिलेंडर फटने की वजह से धमाके की आशंका
सरकारी समाचार एजेंसी RIA नोवोस्ती ने एक वीडियो जारी करके इलाके की घेराबंदी करके भारी संख्या में सशस्त्र पुलिस बल तैनात देखा गया. आम जनता के लिए उस पूरे इलाके को बंद कर दिया गया है. रूसी स्टेट टीवी की शुरुआती रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि ये धमाका गैस सिलेंडर फटने की वजह से हो सकता है.
यह भी पढ़ें: होर्मुज में बड़ा हादसा! समुद्री माइन से टकराने के बाद ऑयल टैंकर में विस्फोट
हालांकि, जांच एजेंसियां अभी तक विस्फोट की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं कर पाई हैं. रेस्टोरेंट की वेबसाइट के मुताबिक, शनिवार को एक प्राइवेट इवेंट होने की वजह से आम ग्राहकों के लिए रेस्टोरेंट बंद रखा गया था. फिलहाल पुलिस और जांच दल घटना के सभी पहलुओं की जांच-पड़ताल कर रहे हैं.