ईरान के नए सुप्रीम नेता मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर कई तरह की अटकलें आ रही हैं. इजरायल की खुफिया एजेंसियों का मानना है कि मोजतबा खामेनेई इजरायल और अमेरिकी हमले में जख्मी हो गए हैं. ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर अटकलें बुधवार को तब और बढ़ गईं जब ईरान के प्रेसिडेंट पेजेश्कियान के बेटे ने उनके "घायल" होने की खबर सुनने का ज़िक्र किया.
56 साल के मोजतबा, ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे हैं.
मोजतबा खामेनेई लंबे समय से ईरान में एक सीक्रेट आदमी रहे हैं. उनके पिता और पत्नी दोनों 28 फरवरी को इज़राइली एयरस्ट्राइक में मारे गए थे. इसी दिन जंग की शुरुआत हुई थी.
मोजतबा खामेनेई सोमवार को ईरान के सर्वोच्च नेता चुने गए हैं. लेकिन इसके बाद से उन्हें कहीं भी नहीं देखा गया है, और न ही उनका कोई बयान आया है. इस वजह से उनकी सेहत को लेकर तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं.
प्रेसिडेंट मसूद पेजेश्कियान के बेटे यूसुफ पेज़ेश्कियान ने टेलीग्राम ऐप पर लिखा, "मैंने मिस्टर मोजतबा के घायल होने की खबर सुनी. मैंने उन दोस्तों से पूछा जो मेरे कॉन्टैक्ट में थे. उन्होंने कहा- ऊपर वाले का शुक्र है, वह ठीक हैं और कोई प्रॉब्लम नहीं है." हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई डिटेल नहीं दी.
पब्लिक में नहीं दिखे हैं मोजतबा
इजरायल के एक सीनियर अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि इजरायल की खुफिया एजेंसियों असेसमेंट है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ईरान के खिलाफ इज़राइली-अमेरिकी संयुक्त हवाई हमले में घायल हुए थे और इसीलिए उन्हें पब्लिक में नहीं देखा गया है.
इजरायल ने कहा है कि ईरान के IRGC ने मोजतबा खामेनेई को नए सुप्रीम लीडर के तौर पर चुनने के लिए मजबूर किया. IRGC का मानना था कि मोजतबा अपने पिता की कट्टर नीतियों का समर्थन करेंगे.
न्यूयॉर्क टाइम्स ने तीन ईरानी और दो इजरायली अधिकारियों के हवाले से लिखा है कि मोजतबा खामेनेई ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के पहले दिन घायल हो गए थे.
सुप्रीम लीडर बने 3 दिन हुए, अबतक कोई खबर नहीं
अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई को ईरान का अगला सुप्रीम लीडर चुने हुए लगभग तीन दिन हो गए हैं. लेकिन वह कहां हैं और उनके सुप्रीम लीडर बनने के हालात अभी भी राज़ में हैं. मोजतबा अभी भी अपने समर्थकों के सामने नहीं आए हैं और न ही कोई वीडियो एड्रेस शेयर किया है.
उन्होंने या उनके ऑफिस ने कोई लिखा हुआ बयान भी जारी नहीं किया है. ईरान के सरकारी टीवी में उनका पुराना फुटेज दिख रहा था.
ईरान के सरकारी मीडिया की रिपोर्ट्स से पता चलता है कि 56 साल के मौलवी शायद ईरान पर चल रहे US-इज़राइली हमले में घायल हो गए थे, जिसे ईरानी सरकार ने रमजान वॉर नाम दिया है. ईरान के सरकारी टीवी ने उन्हें "रमजान का जांबाज" कहा है, जिसका मतलब है "जंग में घायल अनुभवी."
ईरानी सरकारी टीवी के एंकर्स मोजतबा खामेनेई को 'रमजान वॉर' का जांबाज बता रहे हैं. उन्होंने इस बारे में और ज़्यादा जानकारी नहीं दी, जिससे उनकी शारीरिक हालत के बारे में अटकलें और बढ़ गईं.
गौरतलब है कि मोजतबा के पिता और पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई लगातार टीवी और वीडियो पर दिखते थे. वे ईरान की जनता के नाम संदेश भी जारी करते थे.