ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल की जंग रुकने का नाम नहीं ले रही है. 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से, इजरायल और अमेरिका ने तेल सुविधाओं समेत ईरान के कई ठिकानों पर हमले किए हैं. लेकिन अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इजरायल अब ईरान के 'दक्षिण पार्स' गैस फील्ड पर और हमले नहीं करेगा.
बुधवार को दुनिया के सबसे बड़े नेचुरल गैस फील्ड साउथ पार्स पर इजरायल ने की थी. ईरान ने इस हमले का करारा जवाब देने की धमकी दी थी. ऐसे में अब ट्रंप ने इस हमले से किनारा करते हुए भरोसा दिलाया है कि अब इजरायल दक्षिण पार्स गैस फील्ड पर हमला नहीं करेगा.
ट्रंप ने तेहरान को चेतावनी दी कि वो कतर के ऊर्जा ढांचे को निशाना न बनाए. अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर ट्रंप ने लिखा, 'मिडिल-ईस्ट में जो कुछ भी हुआ है, उसके गुस्से में इजरायल ने ईरान के साउथ पार्स गैस फील्ड पर हिंसक हमला किया है. पूरे फील्ड के एक छोटे हिस्से को निशाना बनाया गया है.'
ट्रंप ने कहा कि ये साउथ पार्स पर हुआ हमला पूरी तरह से इजरायल का ऑपरेशन था. उन्होंने कहा, 'संयुक्त राज्य अमेरिका को इस हमले के बारे में कुछ भी पता नहीं था और कतर देश इसमें किसी भी तरह से शामिल नहीं था, न ही उसे इस बारे में कोई अंदाजा था कि ऐसा होने वाला है.'
एक बयान में ईरानी अधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कतर की पांच ऊर्जा सुविधाओं को आने वाले घंटों में निशाना बनाया जाएगा. इस पर ट्रंप ने कहा, 'ईरान को ये या साउथ पार्स हमले से संबंधित कोई भी तथ्य पता नहीं था और उसने गलत तरीके से कतर की एलएनजी गैस सुविधा के एक हिस्से पर हमला किया.'
यह भी पढ़ें: मिडिल-ईस्ट में हजारों सैनिक भेजने की तैयारी, ईरान में अब क्या है ट्रंप का इरादा?
ट्रंप ने ईरान को दी धमकी
ट्रंप ने लिखा, 'इस बेहद अहम और कीमती साउथ पार्स फील्ड पर इजरायल तब तक कोई और हमला नहीं करेगा, जब तक कि ईरान बेवकूफ तरीके से निर्दोष कतर पर हमला न करने का फैसला नहीं करता. ऐसी स्थिति में अमेरिका, इजरायल की मदद या सहमति के साथ या उसके बिना, पूरे दक्षिण पार्स गैस फील्ड को इतनी ताकत और शक्ति के साथ उड़ा देगा जैसा ईरान ने पहले कभी नहीं देखा होगा.