Uttar Pradesh News: महिला पहलवान विनेश फोगाट गोंडा के नंदिनी नगर स्टेडियम में तीन दिवसीय नेशनल ओपन रेसलिंग कॉम्पिटिशन में हिस्सा लेने पहुंचीं. विनेश ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में अपना पंजीकरण कराया था, लेकिन WFI ने उन्हें डोमेस्टिक इवेंट्स से जून तक बैन कर रखा है. विनेश ने स्टेडियम में पत्रकारों से बात करते हुए कुश्ती संघ और पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना है कि उन्हें जानबूझकर खेलने से रोका जा रहा है ताकि वे हार मानकर संन्यास ले लें. वहीं, कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि बिना शो-कॉज नोटिस का जवाब दिए विनेश को खेलने की अनुमति नहीं दी जा सकती.
'जान हथेली पर रखकर आई हूं': विनेश का छलका दर्द
विनेश फोगाट ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह अपनी जान हथेली पर रखकर यहां केवल कुश्ती खेलने आई हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें शुक्रवार रात को शो-कॉज नोटिस दिया गया, जिसका जवाब देने के लिए उनके पास पर्याप्त समय नहीं था क्योंकि उन्हें वजन भी घटाना था. विनेश के मुताबिक, "वे चाहते हैं कि मैं कुश्ती छोड़कर घर बैठ जाऊं. बृजभूषण सिंह ने अपने ही लोगों को बिठा रखा है जो उनके इशारे पर काम कर रहे हैं." उन्होंने सुरक्षा पर भी चिंता जताते हुए कहा कि वे यहां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं.
वाडा और नाडा के नियमों पर विनेश की सफाई
विनेश ने उन आरोपों पर भी सफाई दी जिसमें उनके 'वेयरअबाउट' मिस होने की बात कही गई थी. उन्होंने बताया कि असेंबली सेशन और निजी कारणों से एक बार जानकारी अपडेट करना भूल गई थीं, जिसके लिए उन्होंने वाडा (WADA) से माफी मांगी थी. विनेश का दावा है कि अंतरराष्ट्रीय संस्था ने उन्हें 1 जनवरी 2026 से खेलने की क्लीन चिट दी है, लेकिन WFI जानबूझकर इसे मुद्दा बना रहा है. उन्होंने कहा कि दो दिन पहले नोटिस देना एक प्री-प्लान साजिश है ताकि वे कोर्ट भी न जा सकें.
कुश्ती संघ का पक्ष: 'संविधान से चलता है खेल'
WFI अध्यक्ष संजय सिंह ने विनेश के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संघ पक्षपात नहीं करता. उन्होंने बताया कि विनेश अपना पक्ष लेकर आई थीं और बिना नोटिस का जवाब दिए खेलने का अनुरोध कर रही थीं. संजय सिंह ने कहा, "WFI का संविधान कहता है कि नोटिस मिलने पर खिलाड़ी को जवाब देना होगा, फिर मामला अनुशासन समिति के पास जाएगा. विनेश कल के इवेंट में नहीं खेल पाएंगी." उन्होंने तंज कसते हुए यह भी कहा कि विनेश एक नेशनल प्लेयर हैं, वे मेहमान की तरह खेल देखने आ सकती हैं.
प्रैक्टिस हॉल में लगा मिला ताला, वापस लौटीं विनेश
स्टेडियम में गहमागहमी के बीच विनेश फोगाट प्रैक्टिस करने के लिए हॉल तक गईं, लेकिन वहां ताला लगा होने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा. इस दौरान स्टेडियम परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. विनेश ने बताया कि उनकी टीम कानूनी विकल्प तलाश रही है और वह इस लड़ाई को आगे भी लड़ेंगी. विनेश के जाने के बाद संजय सिंह ने फिर दोहराया कि नियम सबके लिए बराबर हैं और सस्पेंशन खत्म हुए बिना वह मैट पर नहीं दिखेंगी. फिलहाल, विनेश नवाबगंज से अयोध्या के लिए रवाना हो गईं.