गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं. सोमवार को भाजपा नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम पीड़ित परिवार से मिलने खोड़ा पहुंचे. उन्होंने सूर्या चौहान के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार को हरसंभव मदद तथा न्याय दिलाने का भरोसा दिया. परिवार से मुलाकात के बाद संगीत सोम ने कहा कि इस जघन्य घटना के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई की है और वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं. इस दौरान उन्होंने परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की.
संगीत सोम ने कहा कि सूर्या की हत्या आरोपियों की जेहादी मानसिकता को दर्शाती है. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि हत्या के बाद मुस्लिम समाज के लोग इंसाफ और कार्रवाई की मांग को लेकर आगे क्यों नहीं आए. साथ ही उन्होंने कहा कि उन्होंने इलाके के कई वीडियो देखे हैं, जिनमें कुछ लोग खुद को स्थानीय निवासी नहीं बता रहे हैं. उनके अनुसार यह भी जांच का विषय है कि ऐसे लोग कौन हैं और यहां क्यों रह रहे हैं.
पीड़ित परिवार को 1 लाख की सहायता
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. इसके अलावा उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी और पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा. उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि न्याय मिलने तक वह उनके संपर्क में रहेंगे. इसी बीच प्रशासन ने मुख्य आरोपी असद के बताए जा रहे मकान पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है. खोड़ा के नवनीत विहार स्थित मकान, जो असद के पिता नवाब के नाम पर दर्ज बताया जा रहा है, वहां प्रशासनिक टीम पहुंची और उप जिलाधिकारी द्वारा जारी नोटिस मुख्य गेट पर चस्पा किया गया.
तहसीलदार की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने ढोल बजवाकर और लाउडस्पीकर के जरिए पूरे इलाके में इसकी जानकारी दी. प्रशासन का कहना है कि संबंधित निर्माण अवैध कब्जे वाली भूमि पर किया गया है. नोटिस में 15 दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है. यदि निर्धारित समय में कब्जा नहीं हटाया गया तो ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी और उसका खर्च भी संबंधित पक्ष से वसूला जाएगा। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा.
ढोल और लाउडस्पीकर से कराई गई मुनादी
वहीं आरोपी असद के एनकाउंटर के बाद उसके पड़ोसी जावेद खान ने भी कई बातें सामने रखीं. उन्होंने कहा कि असद शुरू से ही गलत संगत में रहता था. वह अक्सर उधमबाजी करता था और नशे का आदी था. मोहल्ले के लोग उसके व्यवहार से परेशान रहते थे. जावेद खान ने कहा कि पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से उन्हें संतोष है और अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई जारी रहनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है और कार्रवाई किसी की पहचान नहीं बल्कि उसके अपराध के आधार पर होती है. सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस जांच और कानूनी प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है. वहीं राजनीतिक बयान, प्रशासनिक कार्रवाई और स्थानीय लोगों की प्रतिक्रियाओं के चलते यह मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है.