यूपी के रायबरेली जिला अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक महिला कर्मचारी मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति को लात मारते हुए नजर आ रही है. महिला उसे भद्दी-भद्दी गालियां भी दे रही है. वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने उसके व्यवहार पर सवाल उठाए. मामला डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के संज्ञान में आया तो उन्होंने फौरन एक्शन लिया.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिलाकर्मी का नाम पिंकी है, जो जिला अस्पताल में संविदा पर सफाईकर्मी के तौर पर तैनात है. सोमवार की शाम एक मानसिक रूप से कमजोर युवक अस्पताल के अंदर आ गया. वो फर्श पर बैठा था कि तभी महिला सफाईकर्मी वहां आ जाती है और उसे गाली देते हुए कई बार लात से मारती है.
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि महिलाकर्मी जमीन पर बैठे लाचार युवक को बाहर जाने को कहती है और जब युवक नहीं उठ पाता है तो वह उसे लातें मारनी शुरू कर देती है. उसे गालियां देने लगती है. करीब 39 सेकेंड में उसने 10 बार युवक को लातें मारी. उसने युवक के पीठ के अलावा चेहरे पर भी वार किया. हैरत की बात ये रही कि इस दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद सुरक्षाकर्मी मूकदर्शक बने रहे. किसी ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया जो अब जमकर वायरल हो रहा है.
डिप्टी सीएम ने किया सस्पेंड
मामले में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एक्शन लिया है. उन्होंने 'एक्स' पर लिखा- 'जिला चिकित्सालय, रायबरेली में स्वीपर द्वारा मानसिक रूप से विक्षिप्त मरीज के साथ दुर्व्यवहार करने संबंधी वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मेरे द्वारा दिए गए निर्देश के क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, रायबरेली द्वारा उक्त स्वीपर को तत्काल निलंबित कर दिया गया है. ऐसी घटना किसी भी स्थिति में क्षम्य नहीं होगी. किसी भी मरीज के साथ दुर्व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.'
वहीं, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पुष्पेंद्र कुमार ने भी मामले का संज्ञान लिया है. CMS ने बताया कि महिला सफाई कर्मी के गलत व्यवहार को देखते हुए उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.