उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है. मांधाता थाना क्षेत्र के एक वैवाहिक कार्यक्रम से जुड़ा यह वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हलचल बढ़ गई है. इसमें शादी में आई एक युवती लहंगा पहने, आंखों पर का चश्मा लगाए हाथ में पिस्टल लहराकर डांस कर रही है. सोशल मीडिया पर वीडियो को रिवॉल्वर रानी और लेडी डॉन जैसे अलग-अलग नामों से साझा किया जा रहा है और कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
जानकारी के मुताबिक, मामला मांधाता थाना क्षेत्र के अकोडिया गांव का बताया जा रहा है, जहां प्रयागराज से एक बारात पहुंची थी. शादी समारोह के दौरान डीजे और जश्न का माहौल बना हुआ था. इसी बीच एक युवती हाथ में अवैध कट्टा लेकर डांस करती दिखाई पड़ी.
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं का सिलसिला भी शुरू हो गया. कई लोग इसे कानून व्यवस्था से जोड़कर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कुछ लोग वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों को लेकर चर्चा कर रहे हैं.
मामला सामने आने के बाद प्रतापगढ़ पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है. मांधाता थाना पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो कब का है, उसमें दिखाई दे रहा हथियार वैध है या नहीं और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है.