scorecardresearch
 

'सपा के प्रभाव वाले इलाकों से निकल रहे आतंकी...', राजभर ने आजमगढ़ में संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी को दिया सियासी रंग

यूपी एटीएस ने आजमगढ़ से एक संदिग्ध आतंकी को पकड़ा है. इस गिरफ्तारी को लेकर यूपी सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एटीएस को बधाई दी है और विपक्षी समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है.

Advertisement
X
राजभर का आरोप- आतंकियों को संरक्षण देते हैं सपा नेता (Photo: ITG)
राजभर का आरोप- आतंकियों को संरक्षण देते हैं सपा नेता (Photo: ITG)

उत्तर प्रदेश पुलिस के एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने आजमगढ़ से आतंकी गतिविधियों में संलिप्तता के संदेह पर एक व्यक्ति को पकड़ा है. निजामाबाद थाना क्षेत्र के खुदादादपुर गांव से पकड़े गए संदिग्ध का नाम मोहम्मद शेख बताया जाता है. मोहम्मद शेख के पाकिस्तान समर्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने का शक जताया जा रहा है. एटीएस की ओर से की गई इस गिरफ्तारी पर अब सियासत तेज होती दिख रही है.

यूपी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने इसे लेकर विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) पर हमला बोला है. राजभर ने कहा कि सपा के प्रभाव वाले इलाकों से आतंकी निकल रहे. यह दुर्भाग्य की बात है. पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस गिरफ्तारी ने सपा का गढ़ माने जाने वाले आजमगढ़ को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

यूपी सरकार के मंत्री ने कहा कि आजमगढ़ से हुई यह गिरफ्तारी का मतलब है कि वहां सपा के नेता आतंकियों को संरक्षण देते हैं. उन्होंने इस कार्रवाई के लिए एटीएस को बधाई दी और कहा कि यह समाज और देश के हित में की गई कार्रवाई है. ओमप्रकाश राजभर ने विपक्षी सपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं, हालांकि अपने आरोप के समर्थन में उन्होंने कोई साक्ष्य नहीं दिया.

Advertisement

गौरतलब है कि एटीएस ने मोहम्मद शेख की गिरफ्तारी की जानकारी एक जून को दी थी. एटीएस के मुताबिक पाकिस्तान में बैठे हैंडलर सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिये शेख का ब्रेनवॉश कर रहे थे. वह आतंकी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के भी संपर्क में था. एटीएस की ओर से यह दावा भी किया गया था कि वह स्थानीय स्तर पर युवाओं को आतंकी नेटवर्क में शामिल करने की कोशिश भी कर रहा था.

यह भी पढ़ें: 'इस सरकार में यादव सुरक्षित नहीं, पर हम रहेंगे सपाई ही', जौनपुर एनकाउंटर में मारे गए रवि की बुआ बोलीं; राजभर पर भड़का परिवार

एटीएस के मुताबिक मोहम्मद शेख को एक दूसरे राज्य की महिला राजनेता को धमकी देने से जुड़े ट्रायल मिशन की जिम्मेदारी दी गई थी. मोहम्मद शेख के पास से नाइन एमएम की एक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए जाने का दावा एटीएस की ओर से किया गया है. बता दें कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ को सपा का मजबूत गढ़ माना जाता है.

यह भी पढ़ें: चंदौली में सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल की घर में घुसकर बेरहमी से पिटाई, राजभर ने अखिलेश यादव को घेरा

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव, सपा प्रमुख अखिलेश यादव आजमगढ़ सीट का संसद में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. इस समय आजमगढ़ लोकसभा सीट से अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव सांसद हैं. यूपी चुनाव 2022 में आजमगढ़ जिले में सपा ने क्लीनस्वीप किया था. सपा के उम्मीदवार सभी 10 सीटों पर विजयी रहे थे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement