उत्तर प्रदेश के चंदौली में समाजवादी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल पर उनके घर में घुसकर आरोपियों ने लात-घूसों से हमला कर दिया. इस घटना को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को सीधे कटघरे में खड़ा किया है. आरोपियों ने गार्गी सिंह के बाल पकड़कर घसीटा और पीटकर सिर फोड़ दिया. इस हमले में गार्गी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं. राजभर ने इस पूरी वारदात के लिए सपा के 'स्वजातीय गुंडों' को जिम्मेदार ठहराया है.
गार्गी सिंह पटेल पर बर्बर हमला और राजभर का आक्रोश
इस वारदात के बाद मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव पर जमकर भड़ास निकाली. उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग की सपा महिला विधायक से मारपीट पर अखिलेश की चुप्पी अभी खत्म भी नहीं हुई थी कि चंदौली में उनकी ही पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष को सपाई गुंडों ने पीटा.
राजभर ने आरोप लगाया कि जब पिछड़ा समाज की बेटी को चार-चार लोग मिलकर पीट रहे थे और गाली देते हुए घसीट रहे थे, तब पूरा 'लाल टोपी गैंग' बस तमाशा देखता रहा. उन्होंने पूछा कि क्या यही आपका पीडीए है?
'सपा नेताओं का हश्र भी कौरवों जैसा होगा'
राजभर ने इस घटना की तुलना सीधे महाभारत काल से कर दी. उन्होंने कहा कि महाभारत में दुर्योधन के दरबार में द्रौपदी का अपमान हुआ था और बड़े-बड़े महारथी चुप बैठे थे, आज समाजवादी पार्टी में भी वही दृश्य दिखाई दे रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि आप लोगों का हश्र भी कौरवों जैसा ही होगा. राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी अब यादववादी गुंडों की पार्टी बन चुकी है, जहां गैर-यादव पिछड़ों और दलितों को सिर्फ गाली-गलौज, मारपीट और अपमान ही सहना पड़ता है.
हमलावरों की पहचान और अखिलेश पर तीखा तंज
गार्गी सिंह को पीटने वाले आरोपियों में प्यारे लाल यादव, उसके दो भाई मनोज और अमित यादव, बहन डाली और मां उर्मिला शामिल बताये जा रहे हैं. राजभर ने कहा कि सपा में महिला सम्मान की कोई जगह नहीं है और यहां सिर्फ एक जाति के गैंग का शासन चलता है. उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि 'ट्विटर, एसी, पीसी' के नेता जी को थोड़ी शर्म करनी चाहिए, क्योंकि उनकी पार्टी में न प्रजापति समाज सुरक्षित है और न ही कुर्मी समाज.
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
चंदौली के मड़िया गांव में समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के घर में घुसकर पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्यारेलाल यादव के परिजनों ने उन पर बर्बर हमला कर दिया. वारदात के वक्त प्यारेलाल गार्गी के घर पर ही मौजूद थे, तभी उनके पीछे से पहुंचे उनके बेटे, बेटी और पत्नी का गार्गी पटेल से विवाद हो गया.
देखते ही देखते हमलावरों ने गार्गी पटेल को बेरहमी से पीटा, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हमले और पिटाई की यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस ने इस मामले में देर रात एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.