scorecardresearch
 

लखनऊ के कांग्रेस दफ्तर में हंगामा, अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच चले जूते

लखनऊ कांग्रेस मुख्यालय में अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच हंगामा हुआ. ममता चौधरी की तरफ से अजय राय को लेकर अपशब्दों के इस्तेमाल के बाद उनके समर्थकों ने जूते लेकर विरोध जताया.

Advertisement
X
लखनऊ में भिड़े कांग्रेस कार्यकर्ता.(Photo-ITG)
लखनऊ में भिड़े कांग्रेस कार्यकर्ता.(Photo-ITG)

लखनऊ में कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष और पार्षद ममता चौधरी ममता चौधरी के समर्थकों के बीच हंगामा हो गया. दोनों गुटों के बीच विवाद के दौरान जमकर विरोध हुआ. बता दें कि आज यूपी कांग्रेस की नई प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था.

कार्यक्रम के दौरान अजय राय के कांग्रेस मुख्यालय पहुंचने पर ममता चौधरी की तरफ से अजय राय को लेकर अपशब्दों के इस्तेमाल किए जाने का आरोप है. इसके बाद अजय राय के समर्थकों ने ममता चौधरी के खिलाफ जमकर हंगामा किया. समर्थकों ने हाथों में जूते लेकर विरोध जताया.

मामले को लेकर अजय राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद से शिकायत की. अजय राय ने कहा कि ऐसे लोग पार्टी की छवि को खराब कर रहे हैं और ऐसे लोग पार्टी में रहेंगे तो पार्टी का माहौल खराब होगा. उन्होंने ममता चौधरी को पार्टी से बाहर करने की मांग की है. अजय राय को मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है.

इस बात पर मचा बवाल

Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे. इसी दौरान वहां मौजूद भीड़ को देखते हुए अजय राय के समर्थकों ने कहा कि 'अध्यक्ष जी निकलेंगे, रास्ता दे दीजिए.' इस पर ममता चौधरी की तरफ से पूछा गया, 'कौन अध्यक्ष?' इसके बाद दोनों गुटों के बीच विवाद बढ़ गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के बाद अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच झगड़ा और मारपीट हुई. इस दौरान जूता फेंके जाने की भी बात सामने आई है. पूरे घटनाक्रम के बाद अजय राय ने मामले की शिकायत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से की और ममता चौधरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

ममता चौधरी ने दी सफाई

लखनऊ में कांग्रेस नेताओं के बीच हुई झड़प को लेकर कांग्रेस नेता ममता चौधरी ने कहा कि उस समय उन्हें समझ ही नहीं आया कि क्या हो रहा था. उन्होंने बताया कि महिला कांग्रेस की बड़ी संख्या में महिलाएं आराधना मिश्रा-मोना के स्वागत के लिए खड़ी थीं. इसी दौरान उन्हें पता चला कि आराधना मिश्रा पहुंच गई हैं और अजय राय भी आए हैं. लोगों के कहने पर वे सभी महिलाएं एक तरफ हट गईं.

ममता चौधरी के मुताबिक, वह दूसरी महिलाओं से बात कर रही थीं और उन्हें नहीं पता कि किसने क्या कहा. अचानक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने उनकी तरफ मुड़कर 'अपनी हद में रहो' कहा. इसके बाद उनके साथ आए लोगों ने महिलाओं से 'किसने कहा? क्या कहा?' पूछते हुए चप्पल और जूते दिखाए और हाथ-पैर से मारपीट शुरू कर दी. उन्होंने कहा कि यह दो गुटों के बीच झड़प नहीं थी, बल्कि एक तरफ पुरुष और दूसरी तरफ महिलाएं थीं. ममता चौधरी ने कहा कि वीडियो में भी देखा जा सकता है कि वह अजय राय की तरफ देख भी नहीं रही थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बारे में अलग-अलग बातें बनाई जा रही हैं. ममता चौधरी ने कहा कि पूरी महिला कांग्रेस राहुल गांधी के पास जाकर इस मामले और उनके लोगों के व्यवहार की शिकायत करेगी.

Advertisement

इमरान मसूद ने किया बचाव

कांग्रेस नेताओं के बीच हुई झड़प को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि बड़ी पार्टी में इस तरह की घटनाएं कुछ हद तक होती रहती हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष काफी ऊर्जावान नेता रहे हैं और उनके योगदान को न तो भुलाया जा सकता है और न ही कम करके आंका जा सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement