उत्तर प्रदेश के झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता का शव बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई. करीब 23 वर्षीय मोनिका सेन की शादी महज नौ महीने पहले हुई थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, मोनिका सेन का मायका जनपद जालौन के कोंच में है. जून 2025 में उसकी शादी झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हंसारी निवासी संदीप से धूमधाम से हुई थी, जो कोचिंग सेंटर चलाता है. शादी के बाद हाल ही में 15 दिन पहले ही मोनिका ने बेटी को जन्म दिया था.
यह भी पढ़ें: झांसी: 7 साल के मासूम की आंख में घुसा खजूर का कांटा, डॉक्टरों ने बंद OT खुलवाकर बचाई रोशनी
घटना वाले दिन सास गायत्री के अनुसार, सुबह सभी को चाय देने के बाद मोनिका नहाने के लिए बाथरूम में चली गई. काफी देर तक बाहर न आने पर और बच्ची के रोने पर परिजनों को शक हुआ.
दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया शव
सास के अनुसार जब आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला तो दरवाजे के नीचे से देखने पर पैर दिखाई दिए. इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो मोनिका कपड़े टांगने वाली खूंटी से दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटकी मिली. आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं. बहन कुमकुम और चाचा अरविंद का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था. मांग पूरी न होने पर मोनिका को लगातार प्रताड़ित किया जाता था.
परिजनों का आरोप है कि बेटी के जन्म के बाद प्रताड़ना और बढ़ गई थी. उन्होंने इस घटना को आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताते हुए न्याय की मांग की है.
मायके पक्ष ने लगाए दहेज प्रताड़ना के आरोप
मृतका की बहन ने आरोप लगाया कि बुलेट और अन्य सामान की मांग को लेकर उसकी बहन को परेशान किया जाता था. परिवार का कहना है कि उन्हें मोनिका की मौत पर शक है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
वहीं, सास गायत्री का कहना है कि मोनिका ने यह कदम क्यों उठाया, यह स्पष्ट नहीं हो सका है. उनका दावा है कि परिवार रसोई में काम कर रहा था और घटना अचानक हुई.
पुलिस जांच में जुटी, पति हिरासत में
प्रेमनगर थाना क्षेत्र की हंसारी चौकी प्रभारी के अनुसार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पैनल की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.
पुलिस ने प्रथम दृष्टया पति को हिरासत में लिया है और लिखित तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही है. मामले की जांच जारी है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)