scorecardresearch
 

झांसी में 9वीं की छात्रा ने किया सुसाइड, चाचा बोले- जबरन शादी और भगाकर ले जाने का दबाव, भाई से भी मारपीट

झांसी में कक्षा 9 की एक छात्रा की मौत के मामले में परिजनों ने तीन लड़कों पर परेशान करने और जबरन शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है. चाचा के मुताबिक, शिकायत करने पर छात्रा के चचेरे भाई से भी मारपीट की गई थी. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और आरोपों की जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
छेड़खानी से परेशान 9वीं की छात्रा ने की खुदकुशी. (File Photo: ITG)
छेड़खानी से परेशान 9वीं की छात्रा ने की खुदकुशी. (File Photo: ITG)

उत्तर प्रदेश के झांसी में कक्षा 9 में पढ़ने वाली एक किशोरी की मौत का मामला सामने आया है. परिजनों का आरोप है कि कुछ लड़के उसे परेशान कर रहे थे. उनमें से एक पर जबरन शादी करने और उसे भगाकर ले जाने की धमकी देने का आरोप है. परिवार का कहना है कि इस मामले में शिकायत करने पर किशोरी के चचेरे भाई के साथ भी मारपीट की गई थी. घटना चिरगांव थाना क्षेत्र के एक गांव की है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अब परिजनों के आरोपों की जांच कर रही है. परिजनों के मुताबिक, किशोरी कक्षा 9 की छात्रा थी. उसके चाचा इंदल सिंह यादव का आरोप है कि दो से तीन लड़के उसे परेशान कर रहे थे. इनमें से एक लड़का उस पर जबरन शादी करने और घर से भगाकर ले जाने का दबाव बना रहा था.

चाचा के अनुसार, किशोरी ने इस बारे में अपने चचेरे भाई को बताया था. इसके बाद जब भाई ने आरोपियों से इस बात को लेकर उलाहना दिया, तो उसके साथ मारपीट की गई. आरोप है कि मारपीट करने वालों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और फिर वहां से चले गए. परिवार का कहना है कि इस घटना के बाद किशोरी काफी डर गई थी. परिजनों ने आरोप लगाया कि वह लड़कों की हरकतों से परेशान थी. हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

9वीं की छात्रा की मौत से हड़कंप

परिजनों के मुताबिक, रविवार को किशोरी के माता-पिता मंदिर में कन्या भोज के लिए गए थे. उस समय घर में किशोरी अपनी बहन के साथ थी. कुछ देर बाद उसकी बहन घर से बाहर खेलने चली गई. करीब एक घंटे बाद जब बहन वापस लौटी, तो घर का दरवाजा नहीं खुला. इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह दरवाजा खोला गया. अंदर किशोरी का शव रोशनदान से फांसी पर लटका मिला. यह दृश्य देखकर परिवार और आसपास के लोग परेशान हो गए. घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

Advertisement

किशोरी के चाचा इंदल सिंह यादव ने आरोप लगाया कि उनकी भतीजी को दो से तीन लड़के परेशान करते थे. उसने इसकी जानकारी अपने चचेरे भाई को दी थी. चाचा के मुताबिक, जब भाई ने आरोपियों से इस बारे में बात की, तो उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई. चाचा का आरोप है कि एक लड़का किशोरी पर जबरन शादी करने और उसे भगाकर ले जाने का दबाव बना रहा था. उनका कहना है कि इन घटनाओं से परेशान होकर किशोरी ने आत्महत्या कर ली.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

परिजनों ने मामले में तीन लड़कों पर आरोप लगाए हैं. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. झांसी के एसएसपी विकास कुमार ने बताया कि चिरगांव थाना क्षेत्र में एक किशोरी की आत्महत्या का मामला संज्ञान में आया है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है. एसएसपी के मुताबिक, परिजनों की ओर से जो आरोप लगाए गए हैं, उनकी जांच कराई जा रही है. उन्होंने बताया कि परिवार ने दो से तीन दिन पहले कुछ कहासुनी होने की बात कही है. इसी घटना से क्षुब्ध होकर किशोरी के आत्महत्या करने की बात परिजनों ने बताई है.

Advertisement

पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है. एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है. जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि घटना से पहले क्या हुआ था और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement