उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में दबंगई एक बार फिर कानून पर भारी पड़ती नजर आई है. यहां शादी समारोह में DJ पर हुए मामूली विवाद के बाद एक युवक को स्कॉर्पियो से कुचलने का मामला सामने आया है. आरोप है कि युवक को टक्कर मारकर बाइक समेत करीब 100 मीटर तक घसीटा गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
यह वारदात कोतवाली शहर क्षेत्र में एसपी बंगले से कुछ ही दूरी पर पिहानी चुंगी के पास बीती रात हुई. घायल युवक का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
शादी समारोह में DJ पर हुई मामूली कहासुनी
जानकारी के अनुसार, कोतवाली देहात क्षेत्र के शाहजहांपुर रोड स्थित आरसी गैलेक्सी होटल में एक वैवाहिक समारोह चल रहा था. अशरफ टोला निवासी शिवा मिश्रा पुत्र संजू मिश्रा अपने साथी मुकेश गुप्ता के साथ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे.
आरोप है कि थाना सुरसा क्षेत्र के जल्लामऊ निवासी ग्राम प्रधान राजेश यादव का बेटा रौनक यादव नशे की हालत में वहां आया और DJ पर शिवा मिश्रा को धक्का देकर गाली-गलौज करने लगा. विरोध करने पर रौनक ने जान से मारने की धमकी दी और वहां से चला गया.
नशे में युवक पर गाली-गलौज और धमकी का आरोप
कार्यक्रम के बाद शिवा मिश्रा अपने साथी मुकेश के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. जैसे ही वे पिहानी चुंगी पहुंचे, आरोप है कि पहले से स्कॉर्पियो में घात लगाए बैठे रौनक यादव ने तेज रफ्तार में टक्कर मार दी. इसके बाद शिवा को बाइक समेत करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया.
पिहानी चुंगी पुलिस पिकेट से सैनिक पेट्रोल पंप तक युवक को घसीटे जाने से सड़क पर हड़कंप मच गया. गंभीर रूप से घायल शिवा को तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने स्कॉर्पियो को घेरने की कोशिश की, लेकिन आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गया.
घायल युवक मेडिकल कॉलेज में भर्ती, आरोपी फरार
पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है. पीड़ित की मां ममता मिश्रा ने कोतवाली शहर में तहरीर दी है. घायल के मित्र मुकेश गुप्ता ने बताया कि DJ पर कहासुनी के बाद आरोपी ने पीछे से टक्कर मारी और शिवा को काफी दूर तक घसीटता चला गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.