गाजियाबाद के पटेल नगर इलाके में आज शनिवार तड़के एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी. आग इतनी भयावह थी कि बिल्डिंग के अंदर रखे एसी गैस सिलेंडर और कंप्रेसरों में लगातार धमाके होते रहे. धमाकों की आवाज से आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए. हादसे में 80 साल के बुजुर्ग की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि कई वाहन जलकर राख हो गए.
शनिवार सुबह करीब 3:05 बजे फायर ब्रिगेड को खबर मिली कि पटेल नगर में स्थित प्लॉट नंबर एफ-87 में एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर में आग लग गई है. सूचना मिलते ही फायर स्टेशन, कोतवाली से टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं. जब दमकल टीम पहुंची तो तीन मंजिला इमारत पूरी तरह आग की लपटों में घिरी हुई थी.
बिल्डिंग के अंदर बड़ी संख्या में एसी गैस सिलेंडर और कंप्रेसर रखे हुए थे, जिनमें लगातार ब्लास्ट हो रहे थे. इससे आग तेजी से फैलती चली गई. आग के साथ उठ रहा धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था. घटना घनी आबादी वाले इलाके में हुई, इसलिए आसपास के मकानों तक आग फैलने का खतरा भी था.

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान की कमान संभाली. फायर कर्मियों ने तुरंत चार हौज पाइप फैलाकर आग बुझाने का काम शुरू किया. बाद में वैशाली, साहिबाबाद और मोदीनगर फायर स्टेशन से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गईं. कुल आठ फायर ब्रिगेड की मदद से कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.
यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में बम की तरह फटा AC, मिनटों में आग का गोला बना घर, क्या आप भी कर रहे हैं ये गलती?
धुएं के कारण फायर कर्मियों को रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. दमकल कर्मियों ने बीए सेट पहनकर बिल्डिंग के अंदर एंट्री की और एक-एक हिस्से की तलाशी ली. इस दौरान ग्राउंड फ्लोर पर एक बुजुर्ग व्यक्ति मृत हालत में मिले. उनकी पहचान 80 वर्षीय त्रिलोकी नाथ के रूप में हुई है.
शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि धुएं के कारण दम घुटने से उनकी मौत हुई. इस घटना में बिल्डिंग के अंदर खड़े दो चारपहिया वाहन और करीब दस बाइक भी जलकर खाक हो गईं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि लोगों को लगा जैसे किसी फैक्ट्री में बड़ा विस्फोट हो गया हो.
जिस सर्विस सेंटर में आग लगी, वह ओंकार तोमर का है. फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं. मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि समय रहते फायर टीम ने आग पर काबू पा लिया, वरना आसपास की इमारतों को भी भारी नुकसान हो सकता था.