आगरा में उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री एवं पूर्व विधायक राम प्रताप सिंह चौहान ने खुले मंच से ऐलान कर दिया कि कुछ अधिकारी अपने को यहां का राजा समझते हैं. उन्होंने कहा-'जिस दिन मैंने तय कर लिया, ऑफिस में घुसकर तुम्हारी ऐसी की तैसी कर दूंगा.' उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दरअसल, प्रदेश महामंत्री बनने के बाद पहली बार राम प्रताप सिंह चौहान आगरा पहुंचे. लखनऊ से आगरा तक सभी जिलों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. आगरा के एत्मादपुर इलाके में आयोजित स्वागत समारोह में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे. स्वागत समारोह के लिए बने मंच से उन्होंने अधिकारियों के खिलाफ आवाज कसी, जिसका 57 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जनता के काम नहीं किए जा रहे हैं. जो उनके सही काम हैं, वह भी नहीं हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी अपने को यहां का राजा समझते हैं, जबकि अधिकारी जनता के सेवक हैं.
प्रदेश महामंत्री ने असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा, "गुलाम बनके यहां नौकरी करने के लिए आया है वह. उसकी औकात बढ़ जाएगी अगर उसका नाम ले लूंगा मैं. लेकिन वक्त आने पर बताऊंगा और जवाब दूंगा. अधिकारी हो, जनता के सेवक हो, मैं पहले भी कहता था."
राम प्रताप सिंह चौहान का यह बयान अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है. 57 सेकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है.