सोशल मीडिया पर इन दिनों एक हथिनी का बेहद प्यारा वीडियो लोगों का दिल जीत रहा है. तमिलनाडु के कुंभकोणम स्थित अरुलमिगु आदि कुंबेश्वरर मंदिर में रहने वाली मंगालम नाम की हथिनी अपनी मासूम हरकतों की वजह से इंटरनेट स्टार बन गई है. लाखों लोग इस वीडियो को देख चुके हैं और उसकी सादगी पर प्यार लुटा रहे हैं.
वायरल क्लिप में मंगालम मंदिर परिसर में अपने महावत के पास शांत खड़ी नजर आती है. उसके माथे पर पारंपरिक तिलक लगा है और गले में छोटी-छोटी घंटियों की माला दिखाई देती है. इस दौरान महावत उसके एक पैर की हल्के हाथों से मालिश करता है. हथिनी पूरी तरह आराम की मुद्रा में खड़ी रहती है. ऐसा लगता है कि उसे यह मसाज काफी पसंद आ रही है.
वीडियो का सबसे खास पल तब आता है, जब मंगालम धीरे-धीरे अपना दूसरा पैर आगे बढ़ा देती है. ऐसा लगता है मानो वह बेहद विनम्रता से कह रही हो कि दूसरे पैर की भी मालिश कर दी जाए. कुछ ही पल बाद वह अपना वजन बदलकर दूसरा पैर भी आगे कर देती है. उसकी यह हरकत सोशल मीडिया यूजर्स को बेहद प्यारी लगी.
देखें वायरल वीडियो
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो के कैप्शन में लिखा गया-बड़ा सा हाथी का शरीर, लेकिन दिल बिल्कुल बच्चे जैसा. वीडियो में एक और मजेदार टेक्स्ट भी जोड़ा गया था, जिसमें मंगालम को 'फुट मसाज मांगने वाला नन्हा बच्चा' बताया गया.
करीब 15 लाख से ज्यादा बार देखे जा चुके इस वीडियो पर लोगों ने जमकर प्रतिक्रियाएं दी हैं. एक यूजर ने इसे इंटरनेट का सबसे प्यारा वीडियो बताया, जबकि दूसरे ने कहा कि ऐसा दृश्य देखना किसी आशीर्वाद से कम नहीं है. कई लोगों ने मंगालम और उसके महावत के बीच दिखाई देने वाले भरोसे और लगाव की भी खूब तारीफ की. यही वजह है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.