अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य के स्पोकेन वैली में लगी भीषण जंगल की आग ने हजारों लोगों की चिंता बढ़ा दी है. तेज़ हवा की वजह से आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जाना पड़ा. सोशल मीडिया पर सामने आए कई वीडियो में धुएं का घना गुबार, ऊंची-ऊंची लपटें और आग से घिरे इलाके साफ दिखाई दे रहे हैं. स्थानीय लोग लगातार अपनी आपबीती शेयर कर रहे हैं और अपने घरों और सामान की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.
यह आग पहले जंगल वाले इलाके में लगी थी, लेकिन तेज हवाओं के कारण जल्द ही स्पोकेन नदी को पार करके शहर की ओर बढ़ने लगी. अधिकारियों के मुताबिक आग की रफ्तार इतनी तेज थी कि कुछ ही घंटों में कई इलाकों में इवैक्यूएशन के आदेश जारी करने पड़े. आग बढ़ने की खबर मिलते ही लोग जरूरी सामान लेकर अपने घरों से निकलने लगे. कई परिवार अपने पालतू जानवरों को भी साथ लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर रवाना हुए.
लोगों ने सोशल मीडिया पर बयां किया दर्द
आग से प्रभावित कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी चिंता और डर शेयर किया. एक स्थानीय निवासी ने एक्स पर लिखा कि उनका अपार्टमेंट अब लेवल-2 इवैक्यूएशन एरिया में आ गया है और किसी भी समय लेवल-3 घोषित किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार और पालतू कुत्ते के साथ सुरक्षित जगह चले गए हैं, लेकिन उन्हें अपने घर और सामान की बहुत चिंता है. एक अन्य व्यक्ति ने लिखा कि स्पोकेन में बड़ी आग लगी हुई है और पूरा परिवार अपने बच्चों को सुरक्षित जगह ले जाने में लगा है.
वहीं एक महिला ने बताया कि आग उनकी मां के घर की तरफ तेजी से बढ़ रही है. हर 10 से 15 मिनट में इवैक्यूएशन का दायरा बढ़ाया जा रहा है. उनकी मां घर छोड़ चुकी हैं, लेकिन उन्हें डर है कि जिस जगह वे अभी रुकी हैं, वहां से भी उन्हें दोबारा निकलना पड़ सकता है.
खिड़की से दिखा डरावना मंजर
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि जब उन्होंने अपने घर की खिड़की से बाहर देखा तो पेड़ों के ऊपर धुएं के बड़े-बड़े बादल और बिजली की तारों के पास तक पहुंचती आग दिखाई दे रही थी. बाद में उन्होंने स्थानीय अपडेट में देखा कि आग स्पोकेन नदी को पार करके शहर के उत्तर-पश्चिम हिस्से में पहुंच चुकी है. एक अन्य व्यक्ति ने अपने पड़ोसी की चिंता जताते हुए लिखा कि उनका पड़ोसी इस समय अपनी बहन के घर की देखभाल कर रहा है, जबकि उसकी बहन अलास्का घूमने गई हुई है. आग लगातार उसी दिशा में बढ़ रही है. हालांकि उन्होंने राहत की बात भी कही कि पड़ोसी के पास सुरक्षित निकलने की योजना पहले से मौजूद है.
2,500 एकड़ से ज्यादा इलाके में फैली आग
वॉच ड्यूटी के अनुसार, इस आग की पहली जानकारी शनिवार दोपहर को मिली थी. शुरुआत में इसे यूक्लिड फायर कहा गया, लेकिन बाद में इसका नाम बदलकर 'ओल्ड ट्रेल्स फायर' कर दिया गया. शाम करीब 4:30 बजे तक आग लगभग 2,500 एकड़ क्षेत्र में फैल चुकी थी. लगातार बदलते मौसम और तेज हवाओं के कारण आग पर काबू पाना फायर ब्रिगेड के लिए चुनौती बना हुआ है. स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने कई इलाकों के लिए अलग-अलग स्तर के इवैक्यूएशन ऑर्डर जारी किए हैं.
लेवल-3 इवैक्यूएशन वाले इलाकों के लोगों को तुरंत घर छोड़ने का आदेश दिया गया है. वहीं लेवल-2 क्षेत्रों के लोगों से कहा गया है कि वे किसी भी समय निकलने के लिए पूरी तरह तैयार रहें. स्पोकेन काउंटी इमरजेंसी मैनेजमेंट ने लोगों से अपील की है कि वे तय किए गए रास्तों का ही इस्तेमाल करें, ताकि राहत और बचाव कार्य में कोई परेशानी न हो.
राहत शिविर और पशुओं के लिए भी व्यवस्था
प्रशासन ने प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर भी शुरू कर दिए हैं. स्पोकेन फॉल्स कम्युनिटी कॉलेज के छोटे जिम में लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा जिन लोगों के पास पालतू या अन्य जानवर हैं, उनके लिए स्पोकेन काउंटी फेयरग्राउंड में अलग पशु आश्रय स्थल बनाया गया है.
फायर विभाग ने दी चेतावनी
फायर विभाग ने हालात को गंभीर बताते हुए अतिरिक्त फायर इंजन और ब्रश ट्रक तैनात किए हैं. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी किसी भी गतिविधि से बचें जिससे चिंगारी निकल सकती हो, क्योंकि इससे आग और तेजी से फैल सकती है. साथ ही लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी दस्तावेज, दवाइयां, मोबाइल चार्जर और आवश्यक सामान पहले से तैयार रखें, ताकि जरूरत पड़ते ही बिना देरी सुरक्षित स्थान पर जा सकें.
फिलहाल दमकल कर्मी दिन-रात आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि तेज हवाओं और सूखे मौसम के कारण स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है. प्रशासन लगातार हालात पर नजर रखे हुए है और लोगों से आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहा है.