कई बार जिंदगी हमें ऐसी जगह पर प्रेरणा दे देती है, जहां इसकी बिल्कुल उम्मीद नहीं होती. ऐसा ही एक किस्सा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. एक शख्स ने पेट्रोल पंप पर काम करने वाली कॉलेज छात्रा से हुई मुलाकात की कहानी शेयर की, जिसने हजारों लोगों को भावुक कर दिया. यह घटना तब हुई जब एक व्यक्ति रात करीब 9 बजे भारी ट्रैफिक से परेशान होकर एक पेट्रोल पंप पर अपनी गाड़ी में ईंधन भरवाने पहुंचा. करीब 45 मिनट में सिर्फ 4 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद वह पहले से ही थका और परेशान था. लेकिन वहां उसकी मुलाकात एक ऐसी लड़की से हुई, जिसने उसकी सोच ही बदल दी.
पढ़ाई के साथ कर रही है नौकरी
पेट्रोल भरते समय उस शख्स ने लड़की से बातचीत शुरू की. उसने पूछा कि वह कहां की रहने वाली है. लड़की ने बताया कि वह रायगढ़ की रहने वाली है और कॉलेज की पढ़ाई के लिए इस शहर में आई है. बातचीत आगे बढ़ी तो पता चला कि वह दिन में कॉलेज जाती है और शाम को पेट्रोल पंप पर नौकरी करती है. उसकी ड्यूटी रात करीब 10 बजे तक चलती है. इतना ही नहीं, शनिवार और रविवार को वह डबल शिफ्ट में काम करती है, ताकि अपनी कॉलेज की फीस और बाकी खर्च खुद उठा सके.
छात्रा की मेहनत देखकर हर कोई हैरान
लड़की की कहानी सुनकर वह व्यक्ति हैरान रह गया. उसने सोशल मीडिया पर लिखा कि अक्सर लोग ट्रैफिक, महंगाई, ऑफिस के तनाव या छोटी-छोटी परेशानियों की शिकायत करते रहते हैं. लेकिन जब आप किसी ऐसे इंसान से मिलते हैं, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहा हो, तब अपनी समस्याएं बहुत छोटी लगने लगती हैं. उसने लिखा कि यह लड़की बिना किसी शिकायत के पढ़ाई और नौकरी दोनों संभाल रही है. वह दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय अपनी मेहनत से भविष्य बनाना चाहती है. यही बात उसे सबसे ज्यादा प्रेरित कर गई.
पोस्ट लिखने वाले शख्स ने बताया कि उसने छात्रा से यह भी पूछा कि अगर पढ़ाई के लिए किसी तरह की मदद की जरूरत हो तो वह मदद करने के लिए तैयार है. उसके मुताबिक, कुछ लोग सिर्फ प्रेरणा नहीं देते, बल्कि उन्हें देखकर दूसरों का भी मन मदद करने का करता है.
सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ
यह पोस्ट वायरल होने के बाद हजारों लोगों ने छात्रा की मेहनत की सराहना की. एक यूजर ने लिखा- मेरे माता-पिता ने मेरी पढ़ाई पर बहुत पैसा खर्च किया, लेकिन आज भी लगता है कि मैं उनकी उम्मीदों पर पूरी तरह खरा नहीं उतर पाया. ऐसी कहानियां हमें मेहनत की असली कीमत समझाती हैं. एक अन्य यूजर ने कहा-भारत में भी छात्रों के लिए पार्ट-टाइम जॉब को सामान्य माना जाना चाहिए.इससे वे आर्थिक रूप से मजबूत बनेंगे और जिम्मेदारियां निभाना भी सीखेंगे.
एक व्यक्ति ने अपना अनुभव शेयर करते हुए लिखा कि उनके पेट्रोल पंप पर भी हर साल कॉलेज की छुट्टियों में कुछ छात्र काम करने आते हैं ताकि अपनी पढ़ाई का खर्च निकाल सकें. उनके अनुसार, ये छात्र सबसे ईमानदार और मेहनती कर्मचारी साबित होते हैं. कई सोशल मीडिया यूजर्स ने छात्रा की पढ़ाई में आर्थिक मदद करने की इच्छा भी जताई. कुछ लोगों ने कहा कि अगर छात्रा को सच में सहायता की जरूरत है तो वे खुशी-खुशी योगदान देंगे.
हालांकि, यह कहानी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इसने एक बड़ा संदेश जरूर दिया है. मेहनत, आत्मनिर्भरता और अपने सपनों को पूरा करने की लगन किसी भी मुश्किल से बड़ी होती है. यही वजह है कि पेट्रोल पंप पर काम करने वाली इस छात्रा की कहानी आज लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बन गई है.