क्या कोई इंसान सिर्फ बाल कटवाने, मेकअप करवाने और एक फोटो खिंचवाने के लिए दूसरे देश की यात्रा कर सकता है? सुनने में यह अजीब लग सकता है, लेकिन चीन में इन दिनों ऐसा ही एक नया ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.
बड़ी संख्या में चीनी युवा सुबह एक देश पहुंचते हैं, पूरे दिन अपने लुक पर काम करवाते हैं और शाम तक वापस लौट जाते हैं. दिलचस्प बात यह है कि इस पूरे ट्रिप का मकसद घूमना-फिरना या शॉपिंग नहीं, बल्कि खुद को एक दिन के लिए बिल्कुल नए अंदाज में देखना होता है.
यह ट्रेंड चीन के युवाओं के बीच इतना लोकप्रिय हो चुका है कि सोशल मीडिया पर लोग अपने 'ब्यूटी डे ट्रिप' के अनुभव शेयर कर रहे हैं. इसके लिए उनकी पसंदीदा मंजिल बन गया है साउथ कोरिया. लोगों ने बताया कि दक्षिण कोरिया में बाल कटवाना आमतौर पर चीन की तुलना में सस्ता होता है. बीजिंग में जिस हेयर कटिंग का चार्ज 30 अमेरिकी डॉलर से अधिक होता है, वह सियोल में आधे दाम में हो जाता है और आमतौर पर परिणाम भी बेहतर होते हैं.
साउथ कोरिया पहुंचते ही शुरू हो जाता है ब्यूटी मिशन
साउथ कोरिया पहुंचने के बाद कई युवा सबसे पहले किसी पर्यटन स्थल पर नहीं, बल्कि ब्यूटी स्टूडियो का रुख करते हैं. यहां उनकी शुरुआत होती है 'पर्सनल कलर एनालिसिस' से.
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रक्रिया में विशेषज्ञ व्यक्ति की स्किन टोन, बालों का रंग और चेहरे की विशेषताओं का विश्लेषण करते हैं. इसके बाद उसे चार सीजन- बेस्ड कैटेगरी में रखा जाता है और बताया जाता है कि उस पर कौन-से रंग के कपड़े, मेकअप और हेयर कलर सबसे अच्छे लगेंगे.
कई युवाओं का कहना है कि पहली बार उन्हें पता चला कि उन पर कौन-से रंग सबसे ज्यादा जंचते हैं. कुछ लोगों ने तो घर लौटकर अपनी पुरानी अलमारी तक बदल डाली और ऐसे कपड़े हटा दिए जो उनके नए कलर प्रोफाइल से मेल नहीं खाते थे.
बिना मेकअप पहुंचते हैं, नया लुक लेकर लौटते हैं
कलर एनालिसिस के बाद अगला पड़ाव होता है हेयर सैलून और मेकअप स्टूडियो. कई चीनी युवा बिना मेकअप के ही साउथ कोरिया पहुंचते हैं ताकि वहां जाकर पूरी तरह नया लुक तैयार करवा सकें.
भले ही भाषा की समस्या हो, लेकिन लोग अपने पसंदीदा हेयरस्टाइल की तस्वीर दिखाकर अपनी बात समझा देते हैं. सोशल मीडिया पर कई युवाओं ने खासतौर पर साउथ कोरियाई महिला हेयरड्रेसर्स की तारीफ की है. उनका कहना है कि वे बहुत आसानी से वही लुक तैयार कर देती हैं, जिसकी ग्राहक कल्पना करता है.
आखिर क्यों बढ़ रहा है यह ट्रेंड?
शुरुआत में यह सिर्फ एक फैशन ट्रेंड जैसा लगता है, लेकिन इसके पीछे एक और बड़ी वजह है. कई चीनी युवाओं का कहना है कि साउथ कोरिया में उन्हें बेहतर गुणवत्ता की सेवाएं मिलती हैं. वहीं कई मामलों में इन सेवाओं की कीमत चीन के बड़े शहरों से भी कम पड़ती है.
उदाहरण के लिए, बीजिंग में जिस हेयरकट के लिए 200 युआन या उससे ज्यादा खर्च करने पड़ते हैं, वैसा ही हेयरकट सियोल में लगभग आधी कीमत में हो जाता है. कई लोगों का दावा है कि नतीजे भी ज्यादा संतोषजनक होते हैं.
कई युवा ऐसे मेकअप स्टूडियो में भी जा रहे हैं जो मशहूर के-पॉप ग्रुप्स और सेलिब्रिटीज के साथ काम कर चुके हैं. इसके लिए वे सैकड़ों युआन खर्च करते हैं, जबकि यह मेकअप सिर्फ एक दिन ही टिकता है.फिर भी उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है.एक युवती ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मैं बस यह देखना चाहती थी कि बिना ज्यादा मेहनत किए मैं कितनी खूबसूरत दिख सकती हूं.
आखिर में खिंचवाते हैं 'परफेक्ट फोटो'
पूरा मेकओवर पूरा होने के बाद इस वन डे ट्रिप का आखिरी पड़ाव होता है आईडी फोटो स्टूडियो. यहां लोग अपने नए लुक में प्रोफेशनल तस्वीरें खिंचवाते हैं. कई युवाओं का कहना है कि भले ही हेयरस्टाइल और मेकअप कुछ घंटों बाद खत्म हो जाए, लेकिन तस्वीरों में उनका सबसे अच्छा रूप हमेशा के लिए कैद हो जाता है.
घूमने-फिरने से ज्यादा अनुभव पर फोकस
विशेषज्ञों का मानना है कि यह ट्रेंड युवाओं की बदलती ट्रैवल पसंद को भी दिखाता है. अब सिर्फ मशहूर जगहों पर जाकर फोटो खिंचवाना या शॉपिंग करना ही यात्रा का मकसद नहीं रह गया है.
कई युवा विदेश जाकर नए अनुभव लेना चाहते हैं. कोई थाईलैंड के चियांग माई में कारीगरों की वर्कशॉप में हिस्सा ले रहा है तो कोई इंडोनेशिया के बाली में फिटनेस ट्रेनिंग के लिए जा रहा है.
यह भी पढ़ें: 12% के पास पैड, बाकी कपड़े के सहारे! पाकिस्तान में पीरियड टैक्स हटने से बदलेगी सूरत?
इसी कड़ी में साउथ कोरिया का यह 'ब्यूटी डे ट्रिप' ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, जहां लोग सिर्फ एक दिन के लिए खुद का सबसे बेहतर और सबसे खूबसूरत रूप देखने पहुंच रहे हैं. यही वजह है कि अब बाल कटवाना और मेकअप करवाना भी अंतरराष्ट्रीय यात्रा की वजह बनता जा रहा है.