scorecardresearch
 

How To Save Electricity Bill: दिन भर चलता है AC? सेटिंग्स में करें बदलाव, आधा हो जाएगा बिल

एयर कंडीशनर आम तौर पर ज्यादा बिजली कंज्यूम करने के लिए जाना जाता है. लेकिन कुछ सेटिंग्स में बदलाव कर लें और ध्यान से चलाएंगे तो बिल आधा हो सकता है. आइए जानते हैं कैसे

Advertisement
X
दिन भर एसी चला कर भी बिजली बिल कम कैसे आएगा?
दिन भर एसी चला कर भी बिजली बिल कम कैसे आएगा?

गर्मी के मौसम में कई घरों में AC 12 से 20 घंटे तक चलता है. ऐसे में हर महीने बिजली का बिल भी बढ़ जाता है. कई लोग सोचते हैं कि नया AC खरीदने से ही बिल कम होगा, लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है. अगर आपके पास इनवर्टर AC है या नया स्प्लिट AC है, तो उसकी कुछ सेटिंग्स बदलकर भी बिजली की खपत कम की जा सकती है.

हालांकि एक बात पहले ही समझ लें. कोई भी सेटिंग्स जादू नहीं करती. बिजली की बचत इस बात पर भी निर्भर करती है कि आपका AC कितने घंटे चलता है, उसकी स्टार रेटिंग क्या है, कमरे का साइज कितना है और बाहर का तापमान कितना है.

यह भी पढ़ें: AC से ज्यादा बिजली खाते हैं घर के ये सामान, लोगों को पता ही नहीं है

आइए जानते हैं ऐसी सेटिंग्स, जिन्हें बदलकर आप बिजली का बिल कम करने की कोशिश कर सकते हैं.

AC का तापमान 24°C पर रखें

कई लोग AC को 18°C या 20°C पर चला देते हैं. उन्हें लगता है कि इससे कमरा जल्दी ठंडा हो जाएगा. लेकिन ऐसा नहीं होता. ब्यूरो ऑफ एनर्जी इफिशिएंसी (BEE) के मुताबिक AC के लिए 24°C एक सही और आरामदायक तापमान माना जाता है. BEE का कहना है कि तापमान 1°C बढ़ाने पर करीब 6% तक बिजली बचाई जा सकती है.

Advertisement

अगर आप रोज 20°C पर AC चलाते हैं, तो 24°C पर सेट करने से बिजली की खपत कम हो सकती है.

फैन स्पीड को ऑटो मोड पर रखें

कई लोग हमेशा फैन स्पीड को हाई पर रखते हैं. लेकिन ऑटो मोड में AC खुद कमरे के तापमान के हिसाब से फैन स्पीड बदलता रहता है. जब कमरा ठंडा हो जाता है, तो फैन स्पीड अपने आप कम हो जाती है. इससे AC को जरूरत से ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती.

यह भी पढ़ें: AC रिमोट का ये बटन डबल कर देगा आपका बिजली बिल!

स्लीप मोड का इस्तेमाल करें

अगर आप रात में AC चलाकर सोते हैं, तो स्लीप मोड काफी काम का फीचर है. इस मोड में AC कुछ घंटों बाद तापमान धीरे-धीरे 1-2°C बढ़ा देता है. रात में शरीर को उतनी ज्यादा ठंडक की जरूरत नहीं होती, इसलिए इससे आराम भी मिलता है और बिजली की खपत भी कम हो सकती है. आजकल लगभग सभी नए AC में यह फीचर मिलता है.

इको मोड चालू करें

अगर आपके AC में इको मोड है, तो उसका इस्तेमाल करें. इस मोड में AC जरूरत के हिसाब से कंप्रेसर की स्पीड कम-ज्यादा करता है. इससे बिजली की खपत कम हो सकती है. हालांकि कितनी बचत होगी, यह आपके इस्तेमाल और कमरे की स्थिति पर निर्भर करेगा.

Advertisement

बारिश के मौसम में Dry Mode का इस्तेमाल करें

मॉनसून में कई बार गर्मी कम होती है, लेकिन हवा में नमी ज्यादा होती है. ऐसे समय में हर बार कूल मोड चलाने की जरूरत नहीं होती. ड्राई मोड हवा से नमी कम करता है, जिससे कमरा ज्यादा आरामदायक महसूस होता है. कई मामलों में यह कूल मोड की तुलना में कम बिजली खर्च कर सकता है. क्योंकि इसे चलाने पर कंप्रेसर पर लोड नहीं पड़़ता. 

यह भी पढ़ें: AC, Washing Machine या Fridge? कौन सा होम अप्लाइंस बचा सकता है ज्यादा बिजली

टाइमर सेट करना भूलें

अगर आप रात में AC चलाकर सो जाते हैं, तो टाइमर का इस्तेमाल जरूर करें. मान लीजिए सुबह 4 बजे के बाद मौसम ठंडा हो जाता है, लेकिन AC फिर भी चलता रहता है. ऐसे में टाइमर सेट करने से AC तय समय पर बंद हो जाएगा और बेवजह बिजली खर्च नहीं होगी.

Filter की सफाई करते रहें

अगर AC का फिल्टर गंदा है, तो हवा सही तरीके से बाहर नहीं निकलती. इसकी वजह से AC को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और बिजली की खपत बढ़ सकती है. गर्मी के मौसम में हर 2 से 4 हफ्ते में Filter साफ करना अच्छा माना जाता है.

कमरे के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें

Advertisement

अगर AC चल रहा है और कमरे की ठंडी हवा बाहर निकल रही है, तो AC लगातार चलता रहेगा. इससे बिजली ज्यादा खर्च होगी. इसलिए AC चलाते समय दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें. अगर धूप सीधे कमरे में आती है, तो डार्क कलर पर्दे भी लगा दें. मुमकिन हो तो ब्लैकआउट ब्लाइंड लगवा लें

यह भी पढ़ें: क्या 5 स्टार इन्वर्टर AC कूलर से कम बिजली में चलेगा? जानें सच

16°C पर AC चलाने से कमरा जल्दी ठंडा नहीं होता

यह सबसे बड़ा भ्रम है. कई लोग सोचते हैं कि 16°C पर AC सेट करने से कमरा जल्दी ठंडा हो जाएगा. असल में AC अपनी कैपेसिटी के हिसाब से ही कूलिंग करता है. 16°C सेट करने का मतलब सिर्फ इतना है कि AC ज्यादा देर तक चलता रहेगा, जिससे बिजली ज्यादा खर्च हो सकती है.

AI या स्मार्ट मोड हो तो उसका भी इस्तेमाल करें

आजकल कई कंपनियां AI या स्मार्ट कूलिंग मोड देती हैं. यह फीचर आपके इस्तेमाल का तरीका समझकर कूलिंग को कंट्रोल करने की कोशिश करता है. कुछ AC मोबाइल ऐप के जरिए बिजली की खपत भी दिखाते हैं. हालांकि सिर्फ AI होने से बिजली अपने आप कम नहीं हो जाती. अगर AC की स्टार रेटिंग अच्छी नहीं है, तो AI का फायदा भी सीमित रहेगा.

Advertisement

सिर्फ सेटिंग्स ही नहीं, स्टार रेटिंग भी जरूरी है

अगर आप नया AC खरीदने की सोच रहे हैं, तो सिर्फ AI या स्मार्ट फीचर्स देखकर फैसला न करें. सबसे पहले BEE स्टार रेटिंग देखें. कई बार 5 Star AC बिना AI के भी 3 स्टार AI AC से कम बिजली खर्च करता है. यानी बिजली बचाने में सबसे बड़ा रोल एनर्जी इफिशिएंसी का होता है.

अगर आपका AC रोज कई घंटे चलता है, तो छोटी-छोटी सेटिंग्स भी लंबे समय में फर्क ला सकती हैं. 24°C तापमान, ऑटो फैन स्पीड, स्लीप मोड, इको मोड, टाइमर और क्लीन फिल्टर जैसी चीजें बिजली की खपत कम करने में मदद कर सकती हैं.

लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि किसी भी दावे पर आंख बंद करके भरोसा न करें. बिजली की बचत इस बात पर निर्भर करती है कि AC कितना पुराना है, उसकी स्टार रेटिंग क्या है, कमरे की इंसुलेशन कैसी है और आप उसे कितने घंटे चलाते हैं. सही सेटिंग्स और सही इस्तेमाल, दोनों मिलकर ही बिजली का बिल कम करने में मदद करते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement