फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में 19 जुलाई (रविवार) को स्पेन का सामना अर्जेंटीना से होना है. इस महामुकाबले से पहले स्पेनिश टीम की टेंशन बढ़ गई है. टीम के दो स्टार खिलाड़ी लैमिन यामाल और पेड्रो पोरो गुरुवार को बाकी खिलाड़ियों के साथ नियमित ट्रेनिंग में शामिल नहीं हुए. दोनों ने न्यू जर्सी में टीम से अलग रिकवरी सेशन किया.
हालांकि स्पेनिश फुटबॉल फेडरेशन (RFEF) और मुख्य कोच लुइस डे ला फुएंते ने साफ कर दिया कि घबराने की जरूरत नहीं है. दोनों खिलाड़ियों के फाइनल में खेलने की पूरी उम्मीद है. न्यू जर्सी में हुए पहले अभ्यास सत्र के दौरान यामाल और पोरो ने मैदान पर हल्की एक्सरसाइज और रिकवरी ड्रिल की, जबकि बाकी खिलाड़ी सामान्य ट्रेनिंग करते रहे. स्पेनिश फुटबॉल फेडरेशन ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों पर अतिरिक्त दबाव ना पड़े, इसलिए उन्हें अलग अभ्यास कराया गया. मेडिकल टीम का मानना है कि यह केवल एहतियाती कदम है और दोनों फाइनल तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे.
यह भी पढ़ें: 'वो ऊपर से देख रहे होंगे...', इंग्लैंड पर सेमीफाइनल में जीत के बाद भावुक हुए मेसी, माराडोना को किया याद
फ्रांस के खिलाफ सेमीफाइनल के बाद कोच डे ला फुएंते ने खुलासा किया था कि राइट बैक पेड्रो पोरो हैमस्ट्रिंग में हल्के खिंचाव से जूझ रहे हैं. हालांकि चोट गंभीर नहीं है. वहीं 19 वर्षीय स्टार लैमिन यामाल को सेमीफाइनल में फ्रांस के डिफेंडर लुकास डिग्ने और थियो हर्नांडेज से लगातार कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ा था. मैच के बाद उनके शरीर में दर्द और हल्की सूजन थी, लेकिन कोच ने साफ कहा कि यह सामान्य थकान है और कोई गंभीर चोट नहीं है.
यह भी पढ़ें: जिस बच्चे को गोदी में उठाकर दुलारा, अब उसी के खिलाफ फाइनल खेलेंगे मेसी
फ्रांस पर 2-0 की शानदार जीत में लैमिन यामाल और पेड्रो पोरो दोनों ने अहम भूमिका निभाई थी. यामाल ने बेहतरीन प्रेसिंग करते हुए गेंद छीनी और स्पेन को पेनल्टी दिलाई, जिसे मिकेल ओयार्जाबल ने गोल में बदल दिया. दूसरे हाफ में पेड्रो पोरो ने दानी ओल्मो के साथ शानदार तालमेल दिखाते हुए दूसरा गोल दागा. यामाल ने भी एक गोल किया था, लेकिन ऑफसाइड होने के कारण उसे मान्यता नहीं मिली.
फ्रांस को हराकर स्पेन ने 2010 के बाद पहली बार फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई है. स्पेन ने इस पूरे टूर्नामेंट के दौरान सात में से छह मैचों में क्लीन शीट रखी है और शानदार लय में नजर आ रहा है. अब सबसे बड़ी राहत की बात यही है कि टीम के दोनों स्टार खिलाड़ी फिटनेस की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं. अगर यामाल और पोरो पूरी तरह फिट होकर उतरते हैं, तो अर्जेंटीना के खिलाफ स्पेन की ताकत और भी बढ़ जाएगी.