scorecardresearch
 

खाली सीटें, महंगे टिकट और सड़कों पर बवाल... FIFA वर्ल्ड कप 2026 पहले द‍िन ही फुस्स, अब आगे क्या?

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले दिन ही आयोजन पर सवाल उठ गए. साउथ कोरिया और चेकिया के मैच में बड़ी संख्या में सीटें खाली दिखीं, जबकि फीफा ने रिकॉर्ड टिकट मांग का दावा किया था. महंगे टिकटों को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है. वहीं मेक्सिको सिटी में उद्घाटन मैच के दौरान विरोध-प्रदर्शन और हिंसा ने भी टूर्नामेंट की शुरुआत को विवादों में ला दिया.

Advertisement
X
महंगे टिकट पड़े भारी? FIFA World Cup 2026 की शुरुआत पर उठे बड़े सवाल  (Photo: Reuters)
महंगे टिकट पड़े भारी? FIFA World Cup 2026 की शुरुआत पर उठे बड़े सवाल (Photo: Reuters)

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज जितना भव्य होना था, पहले ही दिन उतना ही विवादों और सवालों में घिर गया. एक ओर मेक्सिको सिटी के ऐतिहासिक एज्टेका स्टेडियम में रंगारंग उद्घाटन समारोह और मेजबान मेक्सिको की जीत का जश्न देखने को मिला, वहीं दूसरी ओर खाली सीटों, टिकटों की कीमतों और हिंसक प्रदर्शनों ने FIFA (Fédération Internationale de Football Association/International Association Football Federation) की मुश्किलें बढ़ा दीं.

टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में  साउथ कोरिया और चेकिया की टीमें ग्वाडलाहारा में आमने-सामने थीं. मैच के दौरान टीवी प्रसारण में स्टेडियम के कई हिस्सों, खासकर वीआईपी सेक्शन में बड़ी संख्या में खाली सीटें दिखाई दीं.

स्टेडियम उद्घोषक ने दावा किया कि 45,664 क्षमता वाले मैदान में 44,985 दर्शक मौजूद थे, लेकिन प्रसारण की तस्वीरों ने अलग कहानी बयां की. FIFA का कहना था कि केवल करीब 700 सीटें ही खाली थीं, मगर दृश्य इससे कहीं ज्यादा खालीपन दिखा रहे थे. मैच में साउथ कोरिया ने शानदार वापसी करते हुए चेकिया को 2-1 से हराया, लेकिन मुकाबले से ज्यादा चर्चा खाली सीटों की होती रही. डेलीमेल की र‍िपोर्ट में यह दावा किया गया है. 

FIFA के दावे पर उठे सवाल
FIFA अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो ने अप्रैल में दावा किया था कि टूर्नामेंट के लिए 500 मिलियन (50 करोड़) टिकट रिक्वेस्ट मिली हैं. उनके मुताबिक यह संख्या पिछले दो वर्ल्ड कप में मिली कुल 50 मिलियन टिकट रिक्वेस्ट से करीब 10 गुना ज्यादा है.

Advertisement

हालांकि वास्तविक स्थिति अलग नजर आई. FIFA को कई मैचों के टिकटों की कीमत घटानी पड़ी है ताकि अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में ज्यादा से ज्यादा दर्शकों को स्टेडियम तक लाया जा सके.


Fifa

फैन्स लगातार शिकायत कर रहे हैं कि कम लोकप्रिय ग्रुप मैचों के टिकट भी 300 डॉलर से ज्यादा कीमत पर बेचे जा रहे हैं. FIFA के आधिकारिक रीसेल पोर्टल पर अभी भी हजारों टिकट उपलब्ध हैं. यहां तक कि अमेरिका और पराग्वे के बीच लॉस एंजिलिस में होने वाले मुकाबले के टिकट भी पूरी तरह नहीं बिक पाए हैं.

उद्घाटन मैच में मिला फुल हाउस
खाली सीटों की चर्चा के बीच मेक्सिको सिटी के एज़्टेका स्टेडियम में उद्घाटन मुकाबले को जबरदस्त समर्थन मिला. 83,264 दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम पूरी तरह भरा हुआ था. मेजबान मेक्सिको ने साउथ अफ्रीका को 2-0 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की. यह मुकाबला 2010 वर्ल्ड कप के उद्घाटन मैच की याद भी दिला गया.

उद्घाटन समारोह में छाईं शकीरा
टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह की सबसे बड़ी आकर्षण कोलंबियाई पॉप स्टार शकीरा रहीं. उन्होंने बर्ना बॉय के साथ 2026 वर्ल्ड कप के आधिकारिक गीत ‘Dai Dai’ पर प्रस्तुति दी.

शकीरा ने नियॉन येलो बॉडीसूट में मंच संभाला और अपने मशहूर डांस मूव्स से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. उनके साथ सैकड़ों डांसर और पारंपरिक मैक्सिकन मारियाची बैंड भी मौजूद रहा.

Advertisement

समारोह में एलेजांद्रो फर्नांडेज, बेलिंडा, डैनी ओशन, जे बाल्विन, लीला डाउन्स, लॉस एंजिलिस अजुलेस, माना और टायला जैसे कलाकारों ने भी प्रस्तुति दी. यह सभी FIFA के पहले आधिकारिक वर्ल्ड कप एल्बम का हिस्सा हैं.

मैक्सिको की अभिनेत्री और FIFA एंबेसडर सलमा हायेक ने टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन किया.  

उद्घाटन से पहले भड़का विरोध प्रदर्शन
वर्ल्ड कप के पहले दिन सबसे बड़ा विवाद स्टेडियम के बाहर देखने को मिला. हजारों प्रदर्शनकारी मेक्सिको सिटी की सड़कों पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने लापता नागरिकों के मामलों, श्रमिकों की खराब परिस्थितियों और मानवाधिकार मुद्दों को लेकर विरोध जताया. कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुईं. कुछ स्थानों पर पेट्रोल बम और ईंटें फेंके जाने की भी खबर सामने आई.

mexico protest
वर्ल्ड कप के आगाज पर बवाल, मेक्सिको सिटी स्टेडियम के बाहर प्रदर्शनकारियों को दंगा-रोधी पुलिस ने रोका (Photo: Reuters)

रिपोर्ट के अनुसार, एक साथ आठ अलग-अलग प्रदर्शन आयोजित किए गए थे. इनमें शिक्षकों के संगठन, न्यायिक कर्मचारियों के समूह, परिवहन संगठनों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. मानवाधिकार संगठनों ने मेक्सिको में बढ़ती गुमशुदगी की समस्या को भी प्रमुख मुद्दा बनाया. मेक्सिको के राष्ट्रीय रजिस्टर के अनुसार देश में इस समय 1,34,460 लोग लापता दर्ज हैं.

 

Advertisement
fifa
अंदर मैच, बाहर संघर्ष... स्टेडियम के बाहर तनावपूर्ण तस्वीर (Photo: Reuters)

फैन जोन में भी मची अफरा-तफरी
मेक्सिको सिटी के ऐतिहासिक जोकालो प्लाजा में बनाए गए फैन फेस्ट जोन में भी भारी भीड़ उमड़ पड़ी. मुफ्त प्रवेश वाले इस क्षेत्र में हजारों लोग एक साथ पहुंच गए. स्थिति ऐसी हो गई कि प्रशासन को प्रवेश रोकना पड़ा. पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को भीड़ नियंत्रित करने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा. कई प्रशंसकों ने पुलिस पर पानी की बोतलें फेंकी और नारेबाजी की.बाद में स्थानीय प्रशासन ने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि फैन जोन पूरी तरह भर चुका है और लोगों से अन्य स्थानों पर जाने की अपील की गई.

fifa

अमेरिका में प्रसारण को लेकर भी विवाद
उद्घाटन समारोह को लेकर अमेरिका में भी विवाद देखने को मिला. टूर्नामेंट के आधिकारिक प्रसारणकर्ता FOX ने अपनी लाइव कवरेज में शकीरा के प्रदर्शन का प्रसारण नहीं किया.इसके बजाय दर्शकों को थिएरी हेनरी, ज्लाटन इब्राहिमोविच और एलेक्सी लालास के विश्लेषण दिखाए गए. इससे अमेरिकी दर्शकों में नाराजगी देखने को मिली. दूसरी ओर स्पेनिश भाषा के प्रसारक टेलीमुंडो ने पूरा उद्घाटन समारोह लाइव दिखाया.

fifa

FIFA वर्ल्ड कप में आगे क्या होगा?
वर्ल्ड कप का पहला दिन FIFA के लिए मिश्रित संकेत लेकर आया है. जहां उद्घाटन मैच और समारोह ने माहौल बनाया, वहीं खाली सीटों, महंगे टिकटों और विरोध-प्रदर्शनों ने आयोजन की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब नजर इस बात पर रहेगी कि आने वाले दिनों में FIFA दर्शकों को स्टेडियम तक खींचने और विवादों से ध्यान हटाने में कितना सफल रहता है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement