अफ्रीकी देश कांगो में फैले इबोला वायरस के प्रकोप के बीच फीफा वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों पर बड़ा असर पड़ा है. अमेरिका ने कांगो की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम पर सख्त स्वास्थ्य प्रोटोकॉल लागू कर दिए हैं.
रॉयटर्स और ईसपीएन की रिपोर्ट के मुताबिक व्हाइट हाउस टास्क फोर्स फॉर वर्ल्ड कप के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एंड्रयू जुलियानी ने शुक्रवार को बताया कि कांगो की टीम को अमेरिका आने से पहले 21 दिनों तक बेल्जियम में एक नियंत्रित 'आइसोलेशन बबल' में रहना होगा.
जुलियानी ने ईएसपीएन से कहा, 'हमने कांगो को साफ तौर पर बता दिया है कि उन्हें 21 दिनों तक अपने बबल की अखंडता बनाए रखनी होगी, तभी वे 11 जून को ह्यूस्टन आ सकेंगे'
उन्होंने आगे कहा, 'अगर इस बबल के नियम टूटते हैं, तो उन्हें अमेरिका यात्रा की अनुमति नहीं मिल सकती. हमने कांगो सरकार को इस बारे में पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है.'
यह भी पढ़ें: कैसे देखेंगे फुटबॉल वर्ल्ड कप? क्रिकेट के फैन भारत में FIFA ने मुंह की खाई
यह फैसला कांगो में इबोला के दुर्लभ 'Bundibugyo' स्ट्रेन के फैलने के बाद लिया गया है. रिपोर्ट्स के अनुसार अब तक 130 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 600 संदिग्ध मामले सामने आए हैं.
जुलियानी ने कहा कि वर्ल्ड कप के दौरान अमेरिका किसी भी तरह का स्वास्थ्य जोखिम नहीं लेना चाहता. उन्होंने कहा, 'हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हमारी सीमाओं के आसपास कोई खतरा न पहुंचे.'
कांगो को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप K में रखा गया है. टीम अपना पहला मुकाबला 17 जून को ह्यूस्टन में पुर्तगाल के खिलाफ खेलेगी. इसके बाद 23 जून को मेक्सिको के ग्वाडलहारा में कोलंबिया और 27 जून को अटलांटा में उज्बेकिस्तान से भिड़ेगा.
यह भी पढ़ें: पहले एंट्री दी, फिर वापस भेजा! ईरानी फुटबॉल प्रमुख को लेकर कनाडा में सियासी विवाद
इबोला संकट के चलते कांगो ने अपनी तैयारियां पहले ही देश से बाहर शिफ्ट कर दी थीं. टीम ने किंशासा में प्रस्तावित ट्रेनिंग कैंप रद्द कर बेल्जियम में तैयारी शुरू की, जहां 3 जून को लीज में डेनमार्क के खिलाफ फ्रेंडली मैच खेला जाएगा. इसके अलावा 9 जून को स्पेन में चिली के खिलाफ भी अभ्यास मैच तय है.
कांगो की टीम के अधिकांश खिलाड़ी यूरोप में खेलते हैं. स्क्वॉड में एरॉन वान बिसाका (Aaron Wan-Bissaka) और योएन विस्सा (Yoane Wissa) शामिल हैं, जो इंग्लिश प्रीमियर लीग में भाग लेते हैं. जबकि कप्तान चांसल म्बेम्बा (Chancel Mbemba) फ्रेंच क्लब लिली के लिए खेलते हैं. फ्रेंच कोच सेबेस्टियन डेसब्रे (Sebastien Desabre) भी टीम के साथ बने हुए हैं और सख्त प्रतिबंधों के बीच तैयारियां जारी हैं.