scorecardresearch
 

'मैं भावनाओं में बहकर...', रिटायरमेंट पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने तोड़ी चुप्पी, बहन के दावे पर द‍िया बड़ा बयान

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने क्रोएशिया पर 2-1 की जीत के बाद पहली बार अपनी रिटायरमेंट की अटकलों पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अभी पूरा फोकस फीफा वर्ल्ड कप 2026 पर है और टूर्नामेंट खत्म होने के बाद परिवार से चर्चा कर फैसला लेंगे. रोनाल्डो ने मुकाबले में गोल भी दागा और अब उनकी नजर स्पेन के खिलाफ अगले मुकाबले पर है.

Advertisement
X
रिटायरमेंट पर पहली बार बोले क्रिस्टियानो रोनाल्डो, कहा- अभी इसकी बात जरूरी नहीं, क्रोएशिया के खिलाफ गोल के बाद दिया बड़ा बयान (Photo: REUTERS)
रिटायरमेंट पर पहली बार बोले क्रिस्टियानो रोनाल्डो, कहा- अभी इसकी बात जरूरी नहीं, क्रोएशिया के खिलाफ गोल के बाद दिया बड़ा बयान (Photo: REUTERS)

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने आखिरकार अपनी रिटायरमेंट को लेकर चल रही चर्चाओं पर चुप्पी तोड़ दी है. पुर्तगाल की क्रोएशिया पर 2-1 की रोमांचक जीत के बाद रोनाल्डो ने साफ किया कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान सिर्फ फीफा वर्ल्ड कप 2026 पर है. उन्होंने कहा कि अभी रिटायरमेंट पर चर्चा करना सही समय नहीं है और टूर्नामेंट खत्म होने के बाद ही वह अपने भविष्य को लेकर फैसला करेंगे.

दरअसल, रोनाल्डो की बहन कातिया एवेइरो  ने हाल ही में कहा था कि 2026 फीफा वर्ल्ड कप उनके भाई का राष्ट्रीय टीम के साथ 'लास्ट डांस' हो सकता है. इसके बाद उनके संन्यास को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं. हालांकि, क्रोएशिया के खिलाफ मैच के बाद जब रोनाल्डो से इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने न तो इन दावों को पूरी तरह खारिज किया और न ही पुष्टि की.

रोनाल्डो ने कहा- अभी यह महत्वपूर्ण नहीं है. टूर्नामेंट जीतने या हारने के बाद मेरे पास इस बारे में बात करने का समय होगा. मैं अपने परिवार से चर्चा करूंगा और फिर सबसे सही फैसला लूंगा.

उन्होंने आगे कहा- अब मैं पहले की तरह भावनाओं में बहकर फैसले नहीं लेता. हर निर्णय शांति से लिया जाता है. इस समय मेरे लिए सबसे जरूरी वर्तमान का आनंद लेना और राष्ट्रीय टीम की मदद करना है.

Advertisement

पहले ऑफसाइड, फिर पेनल्टी से किया हिसाब बराबर
टोरंटो में खेले गए इस मुकाबले में रोनाल्डो का 61वें मिनट में किया गया गोल ऑफसाइड करार दिया गया. लंबी हवाई गेंद पर उन्होंने अपने डिफेंडर को पछाड़ते हुए गोलकीपर डोमिनिक लिवाकोविच को भी मात दे दी थी, लेकिन VAR जांच के बाद गोल रद्द कर दिया गया.

हालांकि, कुछ ही मिनट बाद पुर्तगाल को पेनल्टी मिली. निकोला व्लासिच के हैंडबॉल के बाद मिले मौके को रोनाल्डो ने बिना गलती किए गोल में बदला और स्कोर 1-1 कर दिया. यह 2006 में वर्ल्ड कप डेब्यू करने के बाद नॉकआउट मुकाबलों में उनका पहला गोल भी रहा. इससे पहले वह वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में नौ मैच खेल चुके थे लेकिन गोल नहीं कर पाए थे.

रामोस ने दिलाई जीत, VAR ने बचाई पुर्तगाल की लाज 
मैच के 81वें मिनट में कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने रोनाल्डो को बाहर बुलाकर उनकी जगह रूबेन नेवेस को उतारा. इसके बाद इंजरी टाइम में गोंकालो रामोस ने शानदार हेडर लगाकर पुर्तगाल को 2-1 की बढ़त दिला दी.

मुकाबले के अंतिम पलों में क्रोएशिया ने बराबरी का गोल भी कर दिया था, लेकिन VAR ने जोस्को ग्वार्डियोल को ऑफसाइड करार दिया और पुर्तगाल की जीत पक्की हो गई.

Advertisement

दिवंगत साथी डियोगो जोटा को समर्पित की जीत
मैच के बाद रोनाल्डो ने इस जीत को अपने पूर्व साथी डियोगो जोटा की याद को समर्पित किया. जोटा का पिछले साल एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था. रोनाल्डो ने कहा कि यह जीत उनके दोस्त के लिए है और पूरी टीम उन्हें याद कर रही है.

अब स्पेन से होगी सबसे बड़ी परीक्षा
क्रोएशिया को हराने के बाद अब पुर्तगाल का सामना प्री-क्वार्टर फाइनल में स्पेन से होगा. यह मुकाबला डलास में खेला जाएगा. स्पेन इस वर्ल्ड कप में अब तक एक भी गोल नहीं खाया है.

स्पेन ने अपने पिछले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 3-0 से हराया था. इस मैच के साथ गोलकीपर उनाई सिमोन ने फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे लंबे समय तक क्लीन शीट रखने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. वह पिछले दो वर्ल्ड कप को मिलाकर लगातार 519 मिनट तक कोई गोल नहीं खा सके हैं. ऐसे में रोनाल्डो और पुर्तगाल के सामने स्पेन की मजबूत रक्षा पंक्ति को भेदने की बड़ी चुनौती होगी.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement