scorecardresearch
 

IND vs SL: कोलंबो टेस्ट में बखेड़ा... यशस्वी जायसवाल की श्रीलंकाई गेंदबाज से भिड़ंत, बॉडी कॉन्टैक्ट भी हुआ, VIDEO

भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट में यशस्वी जायसवाल संग असिथा फर्नांडो की तीखी नोकझोंक हुई. यशस्वी जायसवाल को 45 रनों पर बोल्ड करने के बाद असिथा फर्नांडो के आक्रामक जश्न से माहौल गरमा गया. फिर जो कुछ हुआ, वो खेल भावना के खिलाफ था.

Advertisement
X
कोलंबो टेस्ट में माहौल गरमाया, भिड़ गए असिथा और यशस्वी. (Photo: AFP)
कोलंबो टेस्ट में माहौल गरमाया, भिड़ गए असिथा और यशस्वी. (Photo: AFP)

भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में टेस्ट सीरीज का दूसरा एवं आखिरी मुकाबला खेला जा रहा है. इस मुकाबले के पहले दिन (23 अगस्त) मैदान पर तनातनी देखने को मिली. इसके केंद्र में भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो रहे. यशस्वी को बोल्ड करने के बाद असिथा ने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया, जिसके चलते माहौल गरमा गया. स्थिति यहां तक पहुंच गई कि दोनों के बीच बॉडी कॉन्टैक्ट भी हुआ. आखिरकार श्रीलंकाई कप्तान को बीच-बचाव करना पड़ा.

यशस्वी जायसवाल क्रीज पर जम चुके थे और आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे. भारतीय ओपनर ने पारी के 17वें ओवर में असिथा फर्नांडो के खिलाफ तीन चौके लगाए, लेकिन श्रीलंकाई तेज गेंदबाज ने शानदार वापसी करते हुए ओवर की आखिरी गेंद पर विकेट हासिल किया. असिथा राउंड द विकेट गेंदबाजी करने आए और उन्होंने लेंथ गेंद अंदर की तरफ स्विंग कराई. यशस्वी ने इसे ऑफ साइड में पंच करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का मोटा अंदरूनी किनारा लेकर स्टम्प्स से जा टकराई.

विकेट हासिल करते ही असिथा फर्नांडो का जोश देखने लायक था. उन्होंने यशस्वी जायसवाल को आक्रामक अंदाज में सेंड ऑफ दिया, लेकिन इसके बाद मामला थोड़ा ज्यादा गर्म हो गया. असिथा के जश्न के बाद यशस्वी ने भी प्रतिक्रिया दी और दोनों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई. खिलाड़ी एक-दूसरे के करीब पहुंच गए और फिर बॉडी कॉन्टैक्ट हुआ. तनाव बढ़ता देखकर श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने हस्तक्षेप किया और खिलाड़ियों को अलग कर स्थिति शांत कराई.

Advertisement

मैदान पर प्रतिस्पर्धा के दौरान स्लेजिंग और जुबानी नोकझोंक आम बात है, लेकिन दोनों खिलाड़ियों का एक-दूसरे के पास पहुंच जाना इस घटना को चर्चा में ले आया. यशस्वी जायसवाल का विकेट भारत के लिए बड़ा सेटबैक रहा क्योंकि इससे पहले केएल राहुल भी 18 रनों के निजी स्कोर पर चलते बने थे. कुल मिलाकर श्रीलंका ने नई गेंद से भारत पर दबाव बनाने में सफलता हासिल की.

मुकाबले में भारत की प्लेइंग-11: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, मानव सुथार, सारांश जैन, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा.

मुकाबले में श्रीलंका की प्लेइंग-11: कामिल मिशारा, लाहिरू उदारा, पसिंदु सूरियाबंडारा, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुषा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा और असिथा फर्नांडो.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement