इंडिया A की टीम न्यूजीलैंड A के खिलाफ पहले अनऑफिशियल टेस्ट में पहली पारी में सिर्फ 113 रन पर सिमट गई. केएल राहुल, साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर जैसे बल्लेबाज खाता नहीं खोल सके. पांच बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए. यश राठौड़ ने नाबाद 44 रन बनाए, जबकि साइमन कीन ने पांच विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी को झकझोर दिया. वहीं जैक गिब्सन ने भी 3 विकेट लेकर टीम इंडिया की कमर तोड़ दी.
इंडिया-ए और न्यूजीलैंड-ए के बीच तीन मैचों की अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 24 अक्टूबर (शनिवार) से लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल में शुरू हुआ. मैच में पहले दिन इंडिया-ए की बल्लेबाजी ढेर हो गई.
New Zealand A have elected to bowl against India A in the first four-day game of the series! Follow The Scores ▶️ https://t.co/mw7nuHWltD #NZAvINDA
— BCCI (@BCCI) October 23, 2026
साइमन कीन ने पांच विकेट लेकर इंडिया-ए को बैकफुट पर ढकेला. जैक गिब्सन ने भी तीन सफलताएं हासिल कीं. वहीं क्रिस्टियन क्लार्क और फ्रेजर शीट को एक-एक विकेट मिला. देखा जाए तो इंडिया-ए के सभी 10 विकेट तेज गेंदबाजों ने चटकाए. वहीं 113 रनों के जवाब में न्यूजीलैंड-ए पहले दिन स्टम्प तक तीन विकेट पर 135 रन बना लिए.
कौन है साइमन कीन और जैक गिब्सन?
11.3 ओवर्स में 4 मेडन के साथ 24 रन देकर 5 विकेट लेने वाले साइमन कीन अब तक न्यूजीलैंड के लिए कोई भी इंटरनेशनल मैच नहीं खेले हैं. 29 साल के ऑलराउंडर कीन के इस मुकाबले से पहले के आंकड़ो की बात करें तो उन्होंने 31 फर्स्ट क्लास मैचों में 1487 रन बनाए हैं और 70 विकेट लिए हैं. वहीं 25 लिस्ट ए मैचों में उनके नाम 361 रन और 32 विकेट हैं. 10 टी20 मैचों में वो 214 रन बना चुके हैं ओर 5 विकेट ले चुके हैं. कीन ऑकलैंड, न्यूजीलैंड ए और न्यूजीलैंड अंडर 19 टीम के लिए खेल चुके हैं.
अब बात कर लेते हैं जैक गिब्सन की, जैक गिब्सन ने 10 ओवर्स में 29 रन देकर 3 विकेट लिए. 29 साल के गिब्सन भी कीन की तरह न्यूजीलैंड की नेशनल टीम के लिए कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेले हैं. वह ऑलराउंडर है.
इस मैच से पहले तक उन्होंने 25 फर्स्ट क्लास मैचों में 299 रन और 58 विकेट लिए हैं. वहीं 38 लिस्ट ए मैचों में 40 विकेट ले चुके हैं और 60 रन बना चुके हैं. 23 टी20 में उनके नाम 18 विकेट और 18 रन हैं. यानी साफ है कि भारत ए में शामिल कई अनुभवी खिलाड़ी इनके सामने सरेंडर हो गए
ऐसी रही इंडिया ए की बल्लेबाजी
इस मैच में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड-ए ने पहले गेंदबाजी चुनी. फ्रेजर शीट ने केएल राहुल (0 रन) को आउट कर टीम को शुरुआती सफलता दिलाई. यशस्वी जायसवाल (17 रन) और देवदत्त पडिक्कल (32 रन) ने कुछ देर तक पारी संभाली, लेकिन जैक गिब्सन ने यशस्वी को आउट कर इस पार्टनरशिप को खत्म किया.
इसके बाद साइमन कीन ने इंडिया ए को ध्वस्त कर दिया. लगातार गिरते विकेटों के बीच यश राठौड़ संभलकर खेले. उन्होंने टीम को 100 के पार पहुंचाया. राठौड़ ने 49 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए, जिसमें तीन छक्के और तीन चौके शामिल रहे.
पांच बल्लेबाजों का नहीं खुला खाता
यश राठौड़ की ये कोशिश इंडिया-ए को सम्मानजनक स्कोर तक ले जाने के लिए काफी नहीं रही. भारतीय टीम की पहली पारी दो सेशनल पूरे होने से पहले ही खत्म हो गई. इंडिया-ए की ओर से पहली पारी में केएल राहुल, साई सुदर्शन, वॉशिंगटन सुंदर, मुकेश चौधरी और आकाश दीप अपना खाता नहीं खोल पाए. कप्तान ध्रुव जुरेल भी सिर्फ 1 रन बना सके.
इंडिया-ए की प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (कप्तान/विकेटकीपर), यश राठौड़, वॉशिंगटन सुंदर, अंशुल कम्बोज, आकिब नबी, आकाश दीप, मुकेश चौधरी.
न्यूजीलैंड-ए की प्लेइंग इलेवन: रीस मारिउ (कप्तान), कर्टिस हीफी, टिम रॉबिन्सन, मैथ्यू बॉयल, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिचेल हे (विकेटकीपर), साइमन कीन, क्रिस्टियन क्लार्क, फ्रेजर शीट, जेडन लेनोक्स, जैक गिब्सन.