scorecardresearch
 

कौन हैं राहुल कुमार? ज‍िनमें है वैभव सूर्यवंशी जैसा दम, युवराज स‍िंह ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने पंजाब के 18 वर्षीय बल्लेबाज राहुल कुमार को भविष्य का स्टार बताया है. उन्होंने कहा कि राहुल में वैभव सूर्यवंशी जैसा एक्स फैक्टर है और वे अगले एक साल तक उन्हें बड़े टूर्नामेंट्स के लिए तैयार करेंगे. राहुल ने अंडर-19 और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन से पहले ही अपनी प्रतिभा साबित की है.

Advertisement
X
अब युवराज सिंह राहुल कुमार को करेंगे तैयार (Photo: ITG)
अब युवराज सिंह राहुल कुमार को करेंगे तैयार (Photo: ITG)

स‍िक्सर किंग युवराज स‍िंह ने पंजाब के एक युवा क्रिकेटर को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है. उन्होंने 18 साल के बल्लेबाज राहुल कुमार को आने वाले समय का बड़ा खिलाड़ी बताया है और साफ कहा है कि वे अब खुद इस खिलाड़ी के साथ काम करेंगे.

'आज तक' से बातचीत में युवराज ने कहा कि वे राहुल को अगले एक साल में बड़े टूर्नामेंट्स के लिए तैयार करने पर फोकस करेंगे. उन्होंने कहा- मैं अब उस पर फोकस करने जा रहा हूं. उसे अगले एक साल में बड़े टूर्नामेंट्स के लिए तैयार करना है. मुझे लगता है कि उसमें एक्स फैक्टर है. वह वैभव सूर्यवंशी जैसा है.

कौन हैं राहुल कुमार?

राहुल कुमार 18 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जो ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं. मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने वाले राहुल पंजाब और भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके हैं. नवंबर 2025 में वे इंडिया बी टीम के लिए अफगानिस्तान और इंडिया ए अंडर-19 के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज में खेले, हालांकि इस टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा.

अंडर-19 में दिखा राहुल का दम

Advertisement

राहुल जुलाई 2025 में भारतीय अंडर-19 टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर भी गए थे. पहले टेस्ट में उन्होंने छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 81 गेंदों में 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 85 रन बनाए. हालांकि दूसरी पारी में वे 11 रन ही बना सके.

इसके अलावा वे ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा रहे, जहां उन्होंने टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट में मौका पाया. वनडे सीरीज में उन्होंने एक अर्धशतक के साथ दो पारियों में कुल 64 रन बनाए.

घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड
अमृतसर के रहने वाले राहुल कुमार का घरेलू क्रिकेट रिकॉर्ड भी काफी प्रभावशाली रहा है. लंबे कद के इस बल्लेबाज ने अलग-अलग टूर्नामेंट्स में लगातार रन बनाए हैं.

  • कूच बिहार ट्रॉफी 2024: 41 की औसत से 369 रन
  • वीनू मांकड़ ट्रॉफी: 56.25 की औसत से 225 रन
  • विजय मर्चेंट ट्रॉफी 2022-23: 57.60 की औसत से 576 रन
  • अंडर-19 वनडे 2024-25: 4 मैच में 81.70 की औसत से 245 रन

2025 में कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में राहुल ने शेष भारत के खिलाफ 182 गेंदों में 125 रन की शानदार पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का दम दिखाया था.

युवराज सिंह का किसी युवा खिलाड़ी पर इस तरह भरोसा जताना बड़ी बात मानी जा रही है. अगर राहुल कुमार इस मौके को भुना लेते हैं, तो आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट को एक नया स्टार मिल सकता है.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement