scorecardresearch
 

'सूर्यवंशी स्पेशल टैलेंट, गेंद को बस मारता रहे, कुछ ना बदले...', कोहली के कोच ने वैभव को दी व‍िराट सलाह

विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को T20 क्रिकेट का बेहद खास टैलेंट बताया है. उन्होंने कहा कि वैभव को अपने खेल में कोई बदलाव नहीं करना चाहिए और उसी निडर अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखनी चाहिए. शर्मा ने उनकी विराट कोहली से तुलना करने से इनकार किया, लेकिन भविष्य के लिए उन्हें शानदार खिलाड़ी बताया.

Advertisement
X
वैभव बनाम विराट पर आया बड़ा बयान, कोहली के कोच बोले- तुलना नहीं, लेकिन टैलेंट गजब का है (Photo: ITG)
वैभव बनाम विराट पर आया बड़ा बयान, कोहली के कोच बोले- तुलना नहीं, लेकिन टैलेंट गजब का है (Photo: ITG)

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में अपने धमाकेदार प्रदर्शन से क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है. अब उनकी तारीफ में विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा भी खुलकर सामने आए हैं. उन्होंने वैभव को T20 क्रिकेट का बेहद खास और दुर्लभ प्रतिभा वाला खिलाड़ी बताया है. आईपीएल 2026 में वैभव ने 776 रन 237 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट  से बनाए, जहां उनके बल्ले से 72 छक्के आए. वहीं उन्होंने ऑरेंज कैप समेत पांच अवॉर्ड्स झटके.

पीटीआई से बातचीत में राजकुमार शर्मा ने कहा कि वैभव ने इस IPL में जिस तरह का प्रदर्शन किया, वह असाधारण है. उन्होंने कहा कि दुनिया के बेहतरीन और इंटरनेशनल लेवल के गेंदबाजों के खिलाफ जिस अंदाज में वैभव ने बल्लेबाजी की, वह काबिल-ए-तारीफ है. शर्मा के मुताबिक वैभव की सबसे बड़ी ताकत उनका निडर रवैया है और जिस तरह वह बड़े-बड़े छक्के लगाते हैं, वह T20 क्रिकेट के लिए उन्हें बेहद खास बनाता है.

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी का असर! अब श्रीलंका में होने वाली सीरीज का LIVE प्रसारण, इस चैनल पर द‍िखेंगे सारे मैच

IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने 776 रन बनाकर टूर्नामेंट के सबसे सफल बल्लेबाज के रूप में सीजन खत्म किया. राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने प्लेऑफ में भी लगातार दो 90+ पारियां खेलीं, जिसके बाद उन्हें भारतीय टीम में शामिल करने की मांग तेज हो गई है.

Advertisement

जब राजकुमार शर्मा से पूछा गया कि वह एक कोच के तौर पर वैभव को क्या सलाह देना चाहेंगे, तो उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल उन्हें अपने खेल में कोई बदलाव नहीं करना चाहिए. शर्मा ने कहा कि वैभव जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसी तरह खेलते रहें, गेंद को मारते रहें और दर्शकों का मनोरंजन करते रहें.

हालांकि टेस्ट क्रिकेट को लेकर उन्होंने थोड़ा संयम बरता. शर्मा ने कहा कि उन्होंने अभी तक वैभव को लंबे फॉर्मेट में पर्याप्त नहीं देखा है. इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि वह स्विंग गेंदबाजी के खिलाफ कैसे खेलते हैं, ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेंदों को कितनी अच्छी तरह छोड़ सकते हैं या परिस्थितियों के हिसाब से अपने खेल में कितना बदलाव ला सकते हैं.
यह भी पढ़ें: 'एक बिहारी सब पे भारी, फिर खतम गेम', वैभव सूर्यवंशी को व‍िराट कोहली ने कर द‍िया मोट‍िवेट, आ गया FULL VIDEO

विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी की तुलना पर भी राजकुमार शर्मा ने अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि वह खिलाड़ियों की तुलना में विश्वास नहीं करते. शर्मा के अनुसार विराट कोहली ने पिछले 18 वर्षों में जो निरंतरता दिखाई है, वह उन्हें महान खिलाड़ियों की श्रेणी में रखती है. उन्होंने कहा कि भारत के लिए इतने लंबे समय तक लगातार मैच जिताने वाले खिलाड़ी बहुत कम हुए हैं और यही वजह है कि विराट को इतना सम्मान और प्यार मिलता है.

Advertisement

इसके बावजूद शर्मा ने माना कि वैभव एक उभरते हुए सितारे हैं. उन्होंने कहा कि वैभव बेहद प्रतिभाशाली हैं और उनके पास अच्छा टेम्परामेंट भी है, जिसकी झलक उन्होंने हालिया मुकाबलों में दिखाई है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अभी वैभव को वनडे और टेस्ट क्रिकेट में खुद को साबित करना बाकी है.

वैभव की फिटनेस को लेकर उठने वाले सवालों पर भी राजकुमार शर्मा ने दिलचस्प प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि वैभव अभी बहुत छोटे हैं और उनके अंदर जबरदस्त प्राकृतिक ताकत है. शर्मा का मानना है कि उम्र के साथ उनकी फिटनेस और बेहतर होती जाएगी.

विराट कोहली के कोच की यह तारीफ बताती है कि भारतीय क्रिकेट को एक ऐसा युवा खिलाड़ी मिल चुका है, जिससे आने वाले वर्षों में बड़ी उम्मीदें की जा रही हैं.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement