आईपीएल 2026 में अपने विस्फोटक प्रदर्शन से क्रिकेट जगत को हैरान करने वाले वैभव सूर्यवंशी अब भारतीय टीम के दरवाजे पर दस्तक देते नजर आ रहे हैं. महज 15 साल की उम्र में ऑरेंज कैप जीतने वाले इस युवा बल्लेबाज को टीम इंडिया में शामिल करने की मांग लगातार तेज हो रही है. इसी बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से भी उनके भविष्य को लेकर सकारात्मक संकेत मिले हैं.
राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में बल्ले से ऐसा धमाका किया कि वह टूर्नामेंट के सबसे चर्चित खिलाड़ी बन गए. उन्होंने सिर्फ रन ही नहीं बनाए, बल्कि ऑरेंज कैप, इमर्जिंग प्लेयर, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर और सर्वोच्च स्ट्राइक रेट जैसे कई बड़े पुरस्कार भी अपने नाम किए.
#WATCH | Ahmedabad, Gujarat: On the Royal Challengers Bengaluru defeating the Gujarat Titans by 5 wickets in the Indian Premier League, BCCI secretary Devajit Saikia says, "It was a wonderful season... I hope all the fans have a lovely time during this IPL, and congratulations to… pic.twitter.com/XQwREerg7M
— ANI (@ANI) May 31, 2026
BCCI सचिव ने क्या कहा?
आईपीएल 2026 फाइनल के बाद मीडिया से बातचीत में BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने वैभव की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा- वह शानदार प्रतिभा है. उसका भविष्य बेहद उज्ज्वल है. BCCI हरसंभव प्रयास करेगा ताकि वैभव क्रिकेट के सर्वोच्च स्तर पर खेल सकें. सैकिया के इस बयान के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि आने वाले महीनों में वैभव को भारतीय टीम में मौका मिल सकता है.
आईपीएल 2026 में वैभव का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए 16 पारियों में 776 रन बनाए. उनका औसत 48.50 और स्ट्राइक रेट 237.30 का रहा. पूरे सीजन में उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक जड़े.
उनके बल्ले से 63 चौके और 72 छक्के निकले. इसी के साथ वह आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप जीतने वाले बल्लेबाज बने. इतना ही नहीं, उन्होंने किसी एक टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम किया.
"BCCI will do everything to get Vaibhav to play highest level of cricket."
— News Arena India (@NewsArenaIndia) May 31, 2026
- Devajit Saikia pic.twitter.com/6zrPIVLcvr
अब वैभव सूर्यवंशी का अगला मैच कहां होगा?
आईपीएल खत्म होने के बाद वैभव का अगला पड़ाव इंडिया-ए टीम होगी. वह 9 जून से शुरू होने वाली श्रीलंका ट्राई सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे. क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि उनका प्रदर्शन इसी तरह जारी रहा तो आयरलैंड या जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी उन्हें भारतीय टीम में मौका मिल सकता है.
इसके अलावा वैभव को एशियन गेम्स 2026 के लिए भी शॉर्टलिस्ट किया गया है. इससे पहले वह भारत की अंडर-19 वर्ल्ड कप टीम और इमर्जिंग टीम्स एशिया कप में भी देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.
क्या है अब वैभव सूर्यवंशी का सपना
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 फाइनल के बाद स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में अपने भविष्य के लक्ष्य का भी खुलासा किया. उन्होंने कहा कि उनका सबसे बड़ा सपना भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना है. इसके लिए उन्होंने तैयारी भी शुरू कर दी है. हालांकि उनका मानना है कि अभी उन्हें इस फॉर्मेट में खुद को साबित करने का पर्याप्त मौका नहीं मिला है.
आईपीएल में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन, BCCI का भरोसा और लगातार मिल रहे बड़े मौके इस बात का संकेत हैं कि भारतीय क्रिकेट को भविष्य का एक बड़ा सितारा मिल चुका है. अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि वैभव सूर्यवंशी कब और किस दौरे पर टीम इंडिया की सीनियर जर्सी में दिखाई देते हैं.