scorecardresearch
 

RR vs GT: इस बार ताबड़तोड़ नहीं, समझदारी से खेले वैभव सूर्यवंशी, 96 रन जड़कर IPL में रचा नया इतिहास

राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने गुजरातटाइटन्स के खिलाफ क्वालिफायर-2 में 47 गेंदों पर 96 रन की शानदार पारी खेली. इस बार उन्होंने सिर्फ आक्रामक नहीं बल्कि जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी भी दिखाई. उनकी पारी की बदौलत RR ने 214 रन बनाए. साथ ही वैभव ने IPL इतिहास में सबसे तेज 1000 रन पूरे करने समेत कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए.

Advertisement
X
वैभव सूर्यवंशी का नया रंग, पहले संभली पारी फिर तूफानी हमला (Photo: AI Generated)
वैभव सूर्यवंशी का नया रंग, पहले संभली पारी फिर तूफानी हमला (Photo: AI Generated)

आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी से हर किसी को हैरान कर दिया. हालांकि इस बार उनकी पारी सिर्फ ताबड़तोड़ शॉट्स तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें संयम, समझदारी और मैच सिचुएशन के हिसाब से खेली गई जिम्मेदार बल्लेबाजी भी देखने को मिली.

न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर) के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार (29 मई) को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंदों पर 96 रन बनाए. अपनी पारी में उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के जड़े और 204.26 के स्ट्राइक रेट से रन कूटे.

दिलचस्प बात यह रही कि शुरुआती ओवरों में वैभव ने थोड़ा संभलकर बल्लेबाजी की. उन्होंने विकेट बचाने पर ध्यान दिया और फिर सेट होने के बाद गुजरात के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया. यही वजह रही कि उनकी पारी बाकी मुकाबलों से अलग नजर आई.

वैभव को कगिसो रबाडा ने 96 रन के स्कोर पर आउट किया. वह इस आईपीएल तीसरी बार नर्वस नाइन्टीज का शिकार बने. इसके साथ ही वह डेविड वॉर्नर, केएल राहुल, ग्लेन मैक्सवेल और ऋतुराज गायकवाड़ के साथ IPL में सबसे ज्यादा बार 90s में आउट होने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए.

Advertisement

उनकी शानदार पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 214 रन बनाए. रविंद्र जडेजा ने 45 रन की अहम पारी खेली, जबकि डोनोवन फरेरा ने सिर्फ 11 गेंदों पर 38 रन ठोककर टीम को मजबूत फिनिश दिया.

वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम किए. वह IPL इतिहास में सबसे कम गेंदों में 1000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने सिर्फ 440 गेंदों में यह आंकड़ा छुआ. इससे पहले यह रिकॉर्ड आंद्रे रसेल के नाम था, जिन्होंने 545 गेंदों में 1000 रन पूरे किए थे.

इसके अलावा वैभव IPL में सबसे कम पारियों में 1000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए. उन्होंने सिर्फ 23 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की. इस मामले में शॉन मार्श 21 पारियों के साथ टॉप पर हैं.

IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी अब तक 775 रन बना चुके हैं और वह एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं. इस लिस्ट में विराट कोहली 2016 में बनाए गए 973 रन के साथ अभी भी शीर्ष पर हैं. कम उम्र में जिस तरह वैभव सूर्यवंशी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं, उसने भारतीय क्रिकेट को भविष्य का एक बड़ा सुपरस्टार दे दिया है.

Advertisement

एक IPL एडिशन में सबसे ज्यादा  रन
973 - विराट कोहली 2016 में (SR: 152.03)
890 - शुभमन गिल 2023 में (SR: 157.8)
863 - जोस बटलर 2022 में (SR: 149.05)
848 - डेविड वॉर्नर 2016 में (SR: 151.42)
775 - वैभव सूर्यवंशी 2026 में (SR: 237)
759 - साई सुदर्शन 2025 में (SR: 156.17)

IPL में सबसे ज्यादा 90s में आउट होने वाले बैट्समैन
3 - डेविड वॉर्नर
3 - केएल राहुल
3 - ग्लेन मैक्सवेल
3 - रुतुराज गायकवाड़
3 - वैभव सूर्यवंशी

1000 IPL रन तक सबसे कम गेंदें खेली गईं
440 - वैभव सूर्यवंशी
545 - आंद्रे रसेल
560 - टिम डेविड
575 - ट्रैविस हेड
575 - फिल साल्ट
594 - हेनरिक क्लासेन
604 - वीरेंद्र सहवाग

सबसे तेज़ 1000 IPL रन (इनिंग के हिसाब से)
21 - शॉन मार्श
23 - लेंडल सिमंस
23 - वैभव सूर्यवंशी
24 - डेवोन कॉन्वे 
25 - मैथ्यू हेडन
25 - साई सुदर्शन

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement