scorecardresearch
 

DIY Hair Oil: बालों का झड़ना होगा कम! प्याज-मेथी से घर पर बनाएं ये हेयर ऑयल, मलाइका-अमृता की मां का देसी नुस्खा

अमृता अरोड़ा ने अपनी मां के हाथों बने खास हेयर ऑयल का नुस्खा बताया है, जिसे मलाइका अरोड़ा भी बचपन से इस्तेमाल करती हैं. नारियल, अरंडी और कलौंजी के तेल के साथ मेथी, प्याज और गुड़हल से बनने वाले इस घरेलू तेल की सामग्री, बनाने का तरीका और जरूरी सावधानियां जानें.

Advertisement
X
अमृता की मां उनके लिए घर पर तेल बनाती थीं. (PHOTO:ITG)
अमृता की मां उनके लिए घर पर तेल बनाती थीं. (PHOTO:ITG)

Amrita-Malaika Arora DIY Hair Oil: बालों का झड़ना, रूखापन और समय से पहले सफेद होना आजकल कई लोगों की परेशानी है. ऐसे में लोग बालों की देखभाल के लिए तरह-तरह के तेल और हेयर मास्क इस्तेमाल करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बॉलीवुड एक्ट्रेस अमृता अरोड़ा और उनकी बड़ी बहन मलाइका अरोड़ा के बालों की देखभाल का एक खास पारिवारिक नुस्खा है?

हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में मलाइका अरोड़ा की छोटी बहन अमृता ने ही अपने परिवार के इस घरेलू हेयर ऑयल के बारे में बताया है, जिसे उनकी मां आज भी घर पर तैयार करती हैं.  यह होममेड तेल बालों की ग्रोथ और हेयर फॉल को कम करने में मदद करता है, आइए जानते हैं अमृता-मलाइका की मॉम इस तेल को कैसे बनाती हैं.

मां और नानी से मिला हेयर ऑयल का नुस्खा

अमृता अरोड़ा ने बताया कि उनके परिवार में यह तेल पीढ़ियों से इस्तेमाल किया जा रहा है. उनकी मां ने यह नुस्खा अपनी मां यानी अमृता की नानी से सीखा था. अब वह खुद घर पर तेल बनाकर अमृता और मलाइका को देती हैं और दोनों बहनें बचपन से इस तेल का इस्तेमाल करती आ रही हैं. 

अमृता के मुताबिक, इस तेल में नारियल तेल, अरंडी का तेल, कलौंजी का तेल, मेथी दाना, प्याज और गुड़हल के फूल शामिल होते हैं. उन्होंने बताया कि यह तेल बालों की ग्रोथ और हेयर फॉल को मैनेज करने में मददगार रहा है. 

Advertisement

कैसे बनता है यह देसी हेयर ऑयल?

होममेड तेल के लिए जरूरी इंग्रेडिएंट्स

  • नारियल तेल
  • अरंडी का तेल
  • कलौंजी का तेल
  • मेथी दाना
  • एक साबुत प्याज
  • गुड़हल के फूल

तेल बनाने का तरीका

  1. सबसे पहले नारियल तेल, अरंडी का तेल और कलौंजी का तेल बराबर मात्रा में लें. इसमें मेथी दाना, एक साबुत प्याज और गुड़हल के फूल डालें.
  2. सभी चीजों को एक साथ गर्म करके उबालें, ताकि सामग्री का अर्क तेल में आ सके. मिश्रण को ठंडा होने दें और फिर छान लें. तैयार तेल को साफ और सूखी बोतल में भरें.

क्या सच में बालों के लिए फायदेमंद है ये तेल?

नारियल तेल बालों में नमी बनाए रखने और बालों के प्रोटीन के नुकसान को कम करने में मदद कर सकता है. अरंडी का तेल बालों को चिकनाई देता है, जबकि मेथी और गुड़हल का इस्तेमाल ट्रेडिशनल घरेलू हेयर केयर में किया जाता रहा है. हालांकि, इस पूरे मिश्रण से बाल तेजी से बढ़ने, झड़ना रुकने या सफेद बालों को रोकने की गारंटी नहीं है. 

इस बात का भी ध्यान रखें कि प्याज कुछ लोगों की स्किन में जलन, खुजली या एलर्जी पैदा कर सकता है. इसलिए इसे सीधे सिर पर लगाने से पहले सावधानी बरतें. अगर बाल लगातार झड़ रहे हैं या सिर की त्वचा में परेशानी है, तो घरेलू नुस्खे पर निर्भर रहने के बजाय स्किन एक्सपर्ट से सलाह लें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement