scorecardresearch
 

मध्य प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में बायसन का आतंक, आर्मी एजुकेशन सेंटर में घुसा, फुटबॉल खेल रहे जवान की मौत

Pachmarhi Hill Station: मध्य प्रदेश के पचमढ़ी स्थित आर्मी एजुकेशन सेंटर में फुटबॉल खेल रहे सैनिकों पर बायसन ने हमला कर दिया. हमले में उत्तराखंड निवासी 26 वर्षीय जवान आकाश चौहान की मौत हो गई...

Advertisement
X
पचमढ़ी में जंगल से निकलकर मैदान में पहुंचा बायसन.(Photo:Screengrab)
पचमढ़ी में जंगल से निकलकर मैदान में पहुंचा बायसन.(Photo:Screengrab)

मध्य प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में बायसन के हमले में सेना के एक जवान की मौत हो गई. घटना गुरुवार शाम आर्मी एजुकेशन सेंटर की है. यहां फुटबॉल खेल रहे सैनिकों पर अचानक जंगल से निकले बायसन ने हमला कर दिया. इस दौरान एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें मिलिट्री अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.

मृतक जवान की पहचान उत्तराखंड निवासी 26 वर्षीय आकाश चौहान के रूप में हुई है. वे आर्मी एजुकेशन सेंटर में चीनी भाषा का प्रशिक्षण ले रहे थे और 17वीं कमांड रेजिमेंट में पदस्थ थे.

झाड़ियों से अचानक निकला बायसन

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक पचमढ़ी संजीव शर्मा ने बताया कि सेना की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, खेल मैदान में फुटबॉल खेलते समय सैनिकों पर बायसन ने हमला किया था. बायसन अचानक झाड़ियों से निकलकर मैदान में पहुंचा और सैनिकों की ओर दौड़ पड़ा.

इसी दौरान उसने आकाश चौहान पर पीछे से हमला किया. बायसन के सींग जवान के पेट के आसपास लगे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं. उन्हें तत्काल मिलिट्री अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई.

संजीव शर्मा के मुताबिक, आर्मी परिसर जंगल से लगा हुआ है. यहां बायसन का झुंड कई बार जंगल से निकलकर परिसर में आ जाता है. हालांकि, इस तरह की घटना पहली बार हुई है. मामले की जांच की जा रही है. देखें एक VIDEO:- 

Advertisement

पचमढ़ी में लगातार आ रहा बायसन का झुंड

पचमढ़ी थाने में पदस्थ एसएन यादव ने बताया कि आकाश चौहान प्रशिक्षण के लिए पचमढ़ी आए थे. वे उत्तराखंड में देहरादून के पास के रहने वाले थे. उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पचमढ़ी नगर में बायसन का झुंड लगातार देखा जा रहा है. एक दिन पहले ही शहीद द्वार स्थित छोटी पुलिया पर बायसन का झुंड आकर बैठ गया था. इसके चलते कई घंटे तक आवागमन बंद रहा.

स्थानीय लोगों ने सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से बायसन के झुंड को वापस जंगल में भेजने की मांग की थी. हालांकि, स्थानीय स्तर पर इस संबंध में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है. इसी बीच आर्मी परिसर में हुए हमले में जवान की जान चली गई.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement