scorecardresearch
 

वैभव सूर्यवंशी IN, सूर्या OUT... टीम इंडिया की T20 टीम का इस द‍िन होगा ऐलान, रजत या श्रेयस में कौन होगा कप्तान?

भारतीय क्रिकेट में आने वाला शनिवार बेहद अहम रहने वाला है, जब अजीत अगरकर की अगुवाई वाली सेलेक्शन कमेटी आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज तथा एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम चुनेगी. वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू की संभावना मजबूत है, जबकि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी और टीम में जगह पर सवाल उठ रहे हैं. श्रेयस अय्यर, रजत पाटीदार और हार्दिक पंड्या भी चर्चा के केंद्र में हैं.

Advertisement
X
अगरकर की मीटिंग में कई बड़े फैसले, वैभव का हो सकता है इंड‍िया डेब्यू (Photo: ITG)
अगरकर की मीटिंग में कई बड़े फैसले, वैभव का हो सकता है इंड‍िया डेब्यू (Photo: ITG)

भारतीय क्रिकेट में अगले कुछ महीने बेहद महत्वपूर्ण होने वाले हैं और इसकी शुरुआत शनिवार को होने वाली सेलेक्शन कमेटी की बैठक से होगी. चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर की अगुवाई वाली सेलेक्शन कमेटी मुंबई में जुटेगी, जहां आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम चुनी जाएगी. इसी बैठक में सितंबर में जापान में होने वाले 2026 एशियन गेम्स के लिए भी भारतीय स्क्वॉड पर फैसला लिया जाएगा.

भारत जून में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मुकाबले खेलेगा, जबकि जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है. इसके साथ ही चयनकर्ताओं के सामने एक और चुनौती है. वेस्टइंडीज दौरा और एशियन गेम्स लगभग एक ही समय पर होंगे, इसलिए यह तय करना होगा कि एशियन गेम्स में पहली पसंद की टीम भेजी जाए या फिर युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जाए. चूंकि वहां पदक दांव पर होगा, इसलिए इस मुद्दे पर गंभीर चर्चा होने की उम्मीद है.

क्या सूर्यकुमार यादव बने रहेंगे T20 कप्तान?
सबसे बड़ा सवाल भारतीय टी20 टीम की कप्तानी को लेकर है. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप खिताब सफलतापूर्वक बचाया था, लेकिन उनकी व्यक्तिगत बल्लेबाजी लगातार सवालों के घेरे में रही है.

आईपीएल 2026 में सूर्यकुमार ने 13 पारियों में सिर्फ 270 रन बनाए. उनका औसत 20.76 और स्ट्राइक रेट 147.54 रहा. इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप में भी उनका प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा था. उन्होंने नौ पारियों में 242 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 136.72 रहा. टूर्नामेंट में उनकी सबसे बड़ी पारी अमेरिका के खिलाफ नाबाद 84 रन की थी.
यह भी पढ़ें: 'सूर्यवंशी स्पेशल टैलेंट, गेंद को बस मारता रहे, कुछ ना बदले...', कोहली के कोच ने वैभव को दी व‍िराट सलाह

Advertisement

सितंबर में सूर्यकुमार 36 साल के हो जाएंगे. दिलचस्प बात यह है कि बीसीसीआई ने जनवरी में एशियन गेम्स के लिए जो 30 खिलाड़ियों की शुरुआती लि‍स्ट भेजी थी, उसमें सूर्यकुमार का नाम शामिल नहीं था. ऐसे में सेलेक्टर्स यह फैसला कर सकते हैं कि आने वाली सीरीज के लिए युवा कप्तान को मौका दिया जाए या फिर सूर्या को सिर्फ खिलाड़ी के तौर पर टीम में रखा जाए.

क्या वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा डेब्यू?
इस सेलेक्शन मीट‍िंग का सबसे चर्चित नाम 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी हो सकते हैं. आईपीएल 2026 में उन्होंने जिस तरह से बड़े-बड़े गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाईं और दबाव वाले मौकों पर मैच जिताऊ पारियां खेलीं, उससे चयनकर्ता काफी प्रभावित बताए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: सूर्या पर संकट, श्रेयस अय्यर सबसे आगे... टीम इंडिया को मिलने वाला है नया T20 कप्तान, अगरकर करेंगे 'गंभीर' फैसला

ईएसपीएन के सूत्रों के मुताबिक सेलेक्टर्स का मानना है कि वैभव अब इंटरशेनल टी20 क्रिकेट में मौका पाने के हकदार हैं. सवाल सिर्फ इतना है कि उन्हें प्लेइंग इलेवन में फिट कैसे किया जाए.

भारत की वर्ल्ड कप व‍िनर टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन टॉप ऑर्डर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. ऐसे में संभावना है कि सेलेक्टर्स रोटेशन नीति अपनाएं और वैभव को शुरुआती सीरीज में मौके देकर परखें.

Advertisement

कप्तानी की रेस में श्रेयस अय्यर सबसे आगे?
पिछले दो आईपीएल सीजन में अगर किसी भारतीय कप्तान ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया है तो वह श्रेयस अय्यर हैं. पंजाब किंग्स को 2025 में फाइनल तक पहुंचाने वाले श्रेयस ने इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ भी शानदार कप्तानी की थी. क्रिकेट जगत में यह चर्चा तेज है कि श्रेयस भारतीय टी20 टीम की कप्तानी संभालने के सबसे मजबूत दावेदार बन चुके हैं. हालांकि इसके लिए पहले उन्हें टीम में अपनी जगह पक्की करनी होगी, क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप टीम में उन्हें मौका नहीं मिला था.

रजत पाटीदार की दावेदारी भी मजबूत
आईपीएल 2026 में रजत पाटीदार ने कप्तान और बल्लेबाज दोनों भूमिकाओं में शानदार प्रदर्शन किया. उनकी कप्तानी में टीम लगातार दूसरा आईपीएल खिताब जीतने में सफल रही. पाटीदार और श्रेयस दोनों मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज हैं. ऐसे में सेलेक्टर्स के सामने यह चुनौती होगी कि दोनों में से किसे प्राथमिकता दी जाए. मौजूदा समीकरणों को देखते हुए माना जा रहा है कि दोनों में से सिर्फ एक खिलाड़ी को जगह मिल सकती है.

हार्दिक पंड्या पर भी रहेगी नजर
हार्दिक पंड्या के लिए आईपीएल 2026 काफी निराशाजनक रहा. पीठ की समस्या और फिटनेस चुनौतियों ने उनके प्रदर्शन को प्रभावित किया. मुंबई इंडियंस के कप्तान और ऑलराउंडर के तौर पर वह अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ सके.
यह भी पढ़ें: पंड्या ब्रदर्स में खटपट? क्रुणाल के IPL चैम्प‍ियन बनने पर हार्द‍िक क्यों चुप हैं... फैन्स ने उठाए सवाल

Advertisement

फिर भी बड़े टूर्नामेंटों में हार्दिक का रिकॉर्ड शानदार रहा है और सेलेक्टर्स अभी भी उन्हें 2027 वनडे वलर्ड कप की योजनाओं का अहम हिस्सा मानते हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में उन्हें मौका देकर यह परखा जा सकता है कि वह पूरे 10 ओवर गेंदबाजी करने की स्थिति में हैं या नहीं.

टी20 टीम की बात करें तो सेलेक्टर्स नीतीश कुमार रेड्डी और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ियों को भी ऑलराउंडर की भूमिका में ज्यादा मौके देने पर विचार कर सकते हैं.

शनिवार को होने वाली मीट‍िंग सिर्फ टीम सेलेक्शन तक सीमित नहीं होगी. यह भारतीय टी20 क्रिकेट के अगले दौर की दिशा तय कर सकती है. वैभव सूर्यवंशी के संभावित डेब्यू, सूर्यकुमार यादव की कप्तानी, श्रेयस अय्यर की दावेदारी और हार्दिक पंड्या के भविष्य जैसे कई बड़े सवालों के जवाब इसी बैठक से निकल सकते हैं.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement