साउथ सिनेमा के दो दिग्गज कलाकार- सिमरन और जयाराम के कुछ फोटोज सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. दोनों ही एक साथ शादी वाले कपड़ों में नजर आ रहे हैं. 50 साल की सिमरन अपने से 10 साल बड़े जयाराम की बाहों में बाहें डालकर, गले में वरमाला डाले नजर आईं. जो भी उनकी तस्वीर देख रहा है, वो मान रहा है कि दोनों ने शादी कर ली है.
दिग्गज कलाकारों ने की शादी?
सिमरन और जयाराम की तस्वीरें देखकर कइयों ने तरह-तरह की बातें कहीं. लेकिन इन तस्वीरों के पीछे का सच कुछ ऐसा है, जिसे सुनकर शायद आपकी भी हंसी छूट जाएगी. दरअसल सिमरन और जयाराम ने ये फोटोशूट अपनी आने वाली साउथ फिल्म के लिए किया है. इसमें दोनों एक्टर्स कपल बने हैं, इसलिए इस तरह का शूट किया गया है. असलियत में दोनों एक्टर्स शादीशुदा हैं. ये अपनी फिल्म को अनाउंस करने का मेकर्स की तरफ से एक अनोखा तरीका था.
जयाराम और सिमरन साउथ इंडस्ट्री के जाने-माने चेहरे हैं. उन्होंने अपने समय में एक साथ कई फिल्मों में काम भी किया. 90s में उन्होंने कई फिल्मों में साथ काम किया. साल 2002 में दोनों आखिरी बार कमल हासन की फिल्म पंचतंत्रम में साथ काम किया था. अब दोनों पहली बार किसी फिल्म में लीड कपल के तौर पर नजर आएंगे. उनकी नई फिल्म की शुरुआत एक पूजा सेरेमनी से हुई, जहां डायरेक्टर एसवाई गौतम राज और प्रोड्यूसर्स शामिल थे.
क्या है सिमरन की नई फिल्म की कहानी?
सिमरन ने भी इस सेरेमनी से वीडियो शेयर किया, और अपनी आने वाली फिल्म के लिए एक्साइटमेंट भी जाहिर की. एक्ट्रेस की नई साउथ फिल्म एक रोमांटिक-कॉमेडी और फैमिली एंटरटेनर होगी. कहानी में 90 के दशक की पीढ़ी और आज के जेन-जी के बीच सोच और रिश्तों के फर्क को मजेदार अंदाज में दिखाया जाएगा.
जब दोनों पीढ़ियों के अलग-अलग सोच वाले लोग एक साथ आते हैं, तो किस तरह की मजेदार और अजीब परिस्थितियां पैदा होती हैं, यही फिल्म की कहानी का अहम हिस्सा होगा. फिल्म में सिमरन और जयराम के अलावा साउथ सिनेमा के और कलाकार जैसे पोनवेल, देविका सतीश और भगवती पेरुमल भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिलहाल इसका टाइटल और रिलीज डेट अनाउंस नहीं किया गया है.