भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन में मंगलवार को खेले गए पहले वनडे मुकाबले में टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा. शानदार बल्लेबाजी कर रहे कप्तान शुभमन गिल को 80 रन के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा.
गिल ने 75 गेंदों में 80 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा. वह बेहतरीन लय में नजर आ रहे थे और भारत की जीत की नींव मजबूत कर चुके थे.
Captain Shubman Gill is retired hurt on 80 runs.#ENGvIND pic.twitter.com/zK4oCKZ3Gu
— BCCI (@BCCI) July 14, 2026
हालांकि भारतीय पारी के 26वें ओवर के दौरान गिल अचानक असहज दिखे. वह ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे और दाएं पैर के पिछले हिस्से (हैमस्ट्रिंग/काफ एरिया) को पकड़कर पिच पर ही लेट गए. इसके बाद भारतीय टीम का फिजियो मैदान पर पहुंचा और उनका उपचार किया.
कुछ देर तक जांच के बाद यह साफ हो गया कि गिल बल्लेबाजी जारी रखने की स्थिति में नहीं हैं. ऐसे में उन्होंने रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ने का फैसला किया. शुरुआती तौर पर यह मांसपेशियों में ऐंठन (क्रैम्प) या हैमस्ट्रिंग से जुड़ी समस्या मानी जा रही है, हालांकि उनकी चोट की गंभीरता को लेकर टीम इंडिया की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक अपडेट नहीं दिया गया. हालांकि उम्मीद इस बात की है शुभमन गिल कार्डिफ में 16 जुलाई को होने वाले मुकाबले में पूरी तरह फिट रहेंगे.
इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 258 रन पर समेट दिया था. अक्षर पटेल ने चार विकेट लिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार ने दो-दो विकेट हासिल किए. जसप्रीत बुमराह ने भी एक विकेट लेकर अपने वनडे करियर के 150 विकेट पूरे किए.