आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स भले ही गुजरात टाइटन्स से हारकर बाहर हो गई, लेकिन 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी से हर किसी का दिल जीत लिया.
इस बार चर्चा सिर्फ उनकी विस्फोटक पारी की नहीं, बल्कि आउट होने के बाद कप्तान रियान पराग के साथ हुई उनकी बातचीत की भी रही. हालांकि इस मैच में गुजरात ने जीत की और 31 मई को होने वाले आईपीएल फाइनल के लिए अपनी सीट पक्की कर ली. गुजरात की जीत के हीरो शुभमन गिल रहे, जिन्होंने शतक जड़ा.
मुल्लांपुर में खेले गए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंदों पर 96 रन की शानदार पारी खेली. वह अपने तीसरे आईपीएल शतक के बेहद करीब थे, लेकिन 4 रन पहले आउट हो गए. आउट होने के बाद वैभव काफी निराश नजर आए और डगआउट में जाकर बैठ गए. इसी दौरान टीवी कैमरों ने रियान पराग और वैभव के बीच हुई लंबी बातचीत को कैद कर लिया.
दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई यह एनिमेटेड चैट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई. फैन्स ने इसे कप्तान रियान पराग द्वारा युवा बल्लेबाज का हौसला बढ़ाने के तौर पर देखा. वैभव बातचीत के दौरान काफी ध्यान से पराग की बातें सुनते दिखाई दिए.
Riyan parag scolding Vaibhav Sooryavanshi for getting out ??? But why pic.twitter.com/QN6kKiT1xu
— S. (@ABCDdrs) May 29, 2026
दरअसल, यह लगातार तीसरी बार था जब वैभव सूर्यवंशी नर्वस नाइंटी का शिकार बने. इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में वह 29 गेंदों पर 97 रन बनाकर आउट हुए थे. पिछले चार आईपीएल पारियों में तीसरी बार 90 के पार पहुंचकर शतक से चूकना उनके लिए बेहद निराशाजनक रहा.
गुजरात टाइटन्स के खिलाफ शुरुआत में वैभव संघर्ष करते नजर आए. मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने सटीक गेंदबाजी करते हुए उन्हें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. उनकी पहली सिक्स 13वीं गेंद पर आई, जो उनके आक्रामक अंदाज के हिसाब से काफी देर से थी.
राजस्थान ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए थे. यशस्वी जायसवाल सिर्फ 1 रन और ध्रुव जुरेल 7 रन बनाकर आउट हो गए. ऐसे में राजस्थान दबाव में दिख रही थी, लेकिन वैभव ने धीरे-धीरे मैच का रुख बदल दिया.
उन्होंने मोहम्मद सिराज के एक ओवर में 21 रन बटोरकर दबाव कम किया और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा. वैभव ने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो उनके आईपीएल करियर की सबसे धीमी फिफ्टी रही. लेकिन इसके बाद उन्होंने गियर बदल दिया.
रविंद्र जडेजा के दूसरे छोर पर टिकने के बाद वैभव ने अगले 15 गेंदों में 46 रन ठोक दिए. उन्होंने गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और तेजी से 90 के पार पहुंच गए.
इस पारी के दौरान वैभव ने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए. वह सबसे कम गेंदों में 1000 आईपीएल रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने. उन्होंने सिर्फ 440 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की. इसके अलावा वह टी20 इतिहास में एक सीजन के पावरप्ले में 500 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज भी बने.
हालांकि शानदार पारी के बावजूद वह शतक से चूक गए. 96 रन पर आउट होने के साथ ही वह आईपीएल इतिहास में तीसरी बार नर्वस नाइंटी में आउट होने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए. इस सूची में केएल राहुल, डेविड वॉर्नर, रुतुराज गायकवाड़ और ग्लेन मैक्सवेल जैसे बड़े नाम पहले से मौजूद हैं.