IND vs ENG ODI:भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. टीम के बाकी खिलाड़ियों से करीब एक सप्ताह पहले लंदन पहुंचकर रोहित नेट्स में पसीना बहा रहे हैं. वह स्थानीय क्लब गेंदबाजों के खिलाफ अभ्यास कर रहे हैं और खाली समय में अपने करीबी दोस्तों से भी मुलाकात कर रहे हैं.
39 वर्षीय रोहित अब भारत के लिए सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं. ऐसे में उनके मैचों के बीच लंबा अंतर रहता है. यही वजह है कि वह इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहते और सीरीज शुरू होने से पहले खुद को पूरी तरह मैच फिट बनाने पर ध्यान दे रहे हैं.
Rohit Sharma seen having a knock in the nets.
— Debasis Sen (@debasissen) July 9, 2026
📹 Courtesy : @rushiii_12 https://t.co/zBLkuBHW7P pic.twitter.com/N770bTSVHr
IPL 2026 के दौरान रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हो गए थे. इस चोट के कारण उन्हें कई मुकाबले मिस करने पड़े. हालांकि वापसी के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की. तीन पारियों में 143 रन बनाए, जिसमें तीसरे वनडे में 69 गेंदों पर 79 रन की दमदार पारी भी शामिल रही.
इंग्लैंड की धरती पर शानदार रिकॉर्ड
रोहित शर्मा का इंग्लैंड में रिकॉर्ड हमेशा से बेहतरीन रहा है. उन्होंने इंग्लैंड की धरती पर 27 पारियों में 1,428 रन बनाए हैं. उनका औसत लगभग 65 का है. इस दौरान उन्होंने 7 शतक और 7 अर्धशतक लगाए हैं.
अगर इंग्लैंड के खिलाफ वनडे रिकॉर्ड देखें तो रोहित ने 846 रन बनाए हैं. उनका औसत 47 का है, जबकि उनके नाम 3 शतक और 4 अर्धशतक दर्ज हैं.
इंजमाम-उल-हक का रिकॉर्ड तोड़ने के करीब
यह सीरीज रोहित शर्मा के लिए व्यक्तिगत उपलब्धि के लिहाज से भी खास रहने वाली है. उन्हें वनडे क्रिकेट में पाकिस्तान के महान बल्लेबाज इंजमाम-उल-हक को पीछे छोड़ने के लिए सिर्फ 20 रन की जरूरत है.
इंजमाम के नाम 11,739 वनडे रन हैं, जबकि रोहित ने 285 वनडे मैचों की 277 पारियों में 11,720 रन बनाए हैं. उनका औसत 48.83 है. उन्होंने 33 शतक और 62 अर्धशतक लगाए हैं. खास बात यह है कि 10 हजार से ज्यादा वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाजों में रोहित का 92.97 का स्ट्राइक रेट सबसे बेहतर है.
फिर साथ दिखेंगे रोहित और विराट
इंग्लैंड के खिलाफ पहला वनडे एजबेस्टन (बर्मिंघम) में खेला जाएगा. इस मुकाबले में विराट कोहली भी टीम से जुड़ेंगे. विराट हैमस्ट्रिंग चोट के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेल पाए थे.
तीन मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला 16 जुलाई को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेला जाएगा, जबकि तीसरा और अंतिम वनडे 19 जुलाई को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर होगा. रोहित और विराट की अनुभवी जोड़ी पर एक बार फिर भारतीय बल्लेबाजी की बड़ी जिम्मेदारी रहेगी.