भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने रविवार (19 जुलाई) को लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ ओडीआई मुकाबले में धमाकेदार प्रदर्शन किया. रोहित ने 110 गेंदों का सामना करते हुए 138 रन बनाए. रोहित ने अपनी पारी में 17 चौके और पांच छक्के लगाए. इस शतक के साथ उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए, लेकिन मैच के बाद उनकी इस ऐतिहासिक पारी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी सामने आया.
दरअसल, रोहित शर्मा ने यह शतक अपने बल्ले से नहीं, बल्कि भारतीय ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर के बल्ले से लगाया था. इस बात का खुलासा खुद शार्दुल ठाकुर ने किया है. द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में शार्दुल ठाकुर ने बताया कि वह SS बैट्स से जुड़े हैं और कंपनी के मालिक जतिन सरीन उन्हें बेहतरीन क्वालिटी के बल्ले भेजते हैं. इन्हीं बल्लों को देखकर एक दिन रोहित शर्मा ने उनसे दो बल्ले मांगे थे.
शार्दुल ठाकुर ने कहा, 'रोहित को मेरे बल्ले बहुत पसंद आए थे. उन्होंने मुझसे कहा था कि दो बल्ले मुझे दे दो. हम सभी रोहित से बहुत प्यार करते हैं. उन्होंने भारतीय क्रिकेट को इतने यादगार पल दिए हैं कि उन्हें बल्ला देने से इनकार करने का सवाल ही नहीं था. सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि उन्होंने लॉर्ड्स जैसे ऐतिहासिक मैदान पर अपने करियर का यादगार शतक मेरे बल्ले से बनाया.'
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने लॉर्ड्स में शतक जड़कर लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, सचिन तेंदुलकर-सईद अनवर भी पीछे छूटे
रोहित शर्मा और शार्दुल ठाकुर का रिश्ता सिर्फ टीम इंडिया तक सीमित नहीं है. दोनों मुंबई क्रिकेट से निकले हैं, एक ही स्कूल में क्रिकेट सीखा, घरेलू क्रिकेट में लंबे समय तक साथ खेले और मुंबई इंडियंस के ड्रेसिंग रूम भी साझा कर चुके हैं. टीम इंडिया के साथी खिलाड़ी मजाक-मजाक में शार्दुल को 'लॉर्ड' शार्दुल के नाम से बुलाते रहे हैं. ऐसे में उनके बल्ले से रोहित का ऐतिहासिक शतक दोनों के रिश्ते को और खास बना गया.
यह भी पढ़ें: लॉर्ड्स में रोहित शर्मा का धमाकेदार शतक, कोच गौतम गंभीर ने भी खड़े जाईं तालियां, कोहली ने लगाया गले
388 रनों के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने के दौरान रोहित शर्मा शुरुआत से ही शानदार लय में दिखे. जब उन्होंने अपना शतक पूरा किया तो कोई आक्रामक जश्न नहीं मनाया. उन्होंने सिर्फ मुट्ठी भींची, तभी विराट कोहली उनके पास आए, गले लगाया और कान में कुछ कहा. कोहली की बात सुनकर रोहित मुस्कुरा दिए. इसके बाद उन्होंने बल्ला उठाकर ड्रेसिंग रूम और स्टैंड्स में बैठे अपनी फैमिली की ओर इशारा किया.
रोहित शर्मा की यह पारी भारतीय टीम को जीत नहीं दिला सकी. 388 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत 27 रन से मुकाबला हार गया और इंग्लैंड ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली. हालांकि हार के बावजूद रोहित का यह शतक लंबे समय तक याद रखा जाएगा.