बाबर आजम की अगुवाई में पेशावर जाल्मी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 का खिताब जीत लिया. 3 मई (रविवार) को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में हुए फाइनल में पेशावर जाल्मी ने हैदराबाद किंग्समेन को 5 विकेट से हराया. हैदराबाद ने पेशावर को जीत के लिए 130 रनों का टारगेट दिया था, जिसे उसने 15.2 ओवरों में ही हासिल कर लिया. पेशावर जाल्मी दूसरी बार पीएसएल चैम्पियन बनी है. इससे पहले उसने 2017 के सीजन में खिताबी जीत हासिल की थी. दूसरी ओर हैदराबाद किंग्समेन का पीएसएल में ये पहला सीजन था.
खिताबी मुकाबले में एक समय हैदराबाद किंग्समेन अच्छी स्थिति में दिख रही थी, लेकिन 9 गेंदों के भीतर ही खेल पलट गया. एक समय 180 से ऊपर के बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही टीम अचानक बैकफुट पर आ गई. पावरप्ले में माज सदाकत और मार्नस लाबुशेन के विकेट गिरने के बाद भी हैदरबााद का स्कोर एक समय 6.2 ओवरों में 71/2 था. क्रीज पर सैम अयूब और उस्मान खान शानदार लय में दिख रहे थे. लेकिन यहीं से खेल ने नाटकीय मोड़ लिया.
यह भी पढ़ें: 'हम भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम तक गए थे', PAK कप्तान ने नो हैंडशेक विवाद पर किया बड़ा खुलासा
सुफियान मुकीम ने अपनी घातक गुगली से लगातार तीन अर्धशतक जड़ चुके उस्मान खान को आउट कर दिया. यह विकेट हैदराबाद किंग्समेन की इनिंग्स के पतन की शुरुआत साबित हुआ. इसके तुरंत बाद दबाव में आए इरफान खान रन आउट हो गए, जिसमें माइकल ब्रेसवेल की तेज फील्डिंग ने अहम भूमिका निभाई. देखते ही देखते स्कोर 71/2 से 72/4 हो गया और मैच पूरी तरह पलट गया.
मैक्सवेल ने डुबोई टीम की लुटिया
अनुभवी ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल पर टीम को संभालने की जिम्मेदारी थी, लेकिन वह पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए. नाहिद राणा की अतिरिक्त उछाल वाली गेंद पर उन्होंने गलत शॉट खेला और कैच दे बैठे. इसके बाद आए कुसल परेरा भी रन आउट हो गए. इस फैसले पर विवाद खड़ा हो गया क्योंकि परेरा का मानना था कि गेंदबाज उनके रास्ते में आ गए थे. हालांकि, थर्ड अंपायर ने रिप्ले देखने के बाद उन्हें आउट करार दिया.
यह भी पढ़ें: PSL में छा गए राहुल द्रविड़! पाकिस्तानी गेंदबाज ने तारीफ में पढ़े कसीदे, VIDEO वायरल
महज 1.3 ओवर के भीतर हैदराबाद किंग्समेन की पारी पूरी तरह पटरी से उतर गई. एक समय मजबूत स्थिति में दिख रही टीम अचानक संघर्ष करती नजर आई और 2 रन पर चार विकेट खो दिए. सैम अयूब क्रीज़ पर डटे रहे, लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे. पेशावर जाल्मी की ओर से एरॉन हार्डी ने चार विकेट झटके.
यह मुकाबला एक बार फिर दिखाता है कि टी20 क्रिकेट में एक छोटा सा स्पेल भी पूरे मैच का रुख बदल सकता है. हैदराबाद किंग्समेन के बल्लेबाजों ने संयम नहीं दिखाया, जिसका फायदा पेशावर जाल्मी को मिला और वो शानदार तरीके से मैच में वापसी कर ट्रॉफी जीतने में सफल रही.