एशिया कप 2025 के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच हुए ‘नो हैंडशेक’ विवाद पर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने बड़ा बयान दिया है. आगा ने बताया कि उन्हें मैच से ठीक पहले इस फैसले की जानकारी दी गई थी और मैच के बाद भी भारतीय टीम ने हाथ नहीं मिलाया.
एक पॉडकास्ट में बात करते हुए आगा ने कहा, “मैं टॉस के लिए जा रहा था. उससे पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस, ट्रॉफी शूट और वहां हैंडशेक हुआ था. मुझे अंदाजा था कि माहौल सामान्य नहीं होगा, लेकिन यह नहीं पता था कि हैंडशेक नहीं होगा.”
उन्होंने आगे बताया, “मैं अपने मीडिया मैनेजर नईम भाई के साथ टॉस के लिए जा रहा था. तभी मैच रेफरी ने मुझे अलग ले जाकर कहा कि हैंडशेक नहीं होगा. मैंने कहा ठीक है, मुझे भी कोई खास दिलचस्पी नहीं है. लेकिन यह जानकारी मुझे वहीं दी गई थी.”
मैच के बाद भी नहीं हुआ हैंडशेक
आगा ने खुलासा किया कि मैच खत्म होने के बाद उनकी टीम भारतीय ड्रेसिंग रूम तक गई, लेकिन वहां भी उन्हें निराशा हाथ लगी. उन्होंने कहा कि हम मैच हार गए थे और उसके बाद हम उनके पवेलियन (ड्रेसिंग रूम) में हैंडशेक के लिए गए, लेकिन उन्होंने वहां भी हाथ नहीं मिलाया.
पाकिस्तान कप्तान ने इस नीति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह सही उदाहरण नहीं है. उन्होंने कहा कि मै पहले भी कह चुका हूं कि यह सही नहीं है. हम अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हैं. बच्चे हमें देखते हैं और सीखते हैं. अगर हम ऐसा करेंगे, तो क्लब स्तर पर भी यही होगा. एक रोल मॉडल के तौर पर यह सही नहीं है.
भारत और पाकिस्तान के बीच ‘नो हैंडशेक’ की यह नीति सिर्फ एशिया कप तक सीमित नहीं रही.
इसके बाद महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025, राइजिंग स्टार्स एशिया कप, अंडर-19 एशिया कप और यहां तक कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 (कोलंबो मैच) में भी यही सिलसिला जारी रहा.