टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर और वनडे और टेस्ट के कप्तान शुभमन गिल और महिला क्रिकेट टीम की शान स्मृति मंधाना को नई दिल्ली में आयोजित नमन अवार्ड्स 2026 में साल के सबसे बड़े व्यक्तिगत सम्मान से नवाजा गया. रविवार (15 मार्च) को आयोजित इस समारोह में गिल को पुरुष वर्ग में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के लिए प्रतिष्ठित Polly Umrigar Award दिया गया, जबकि मंधाना को महिला वर्ग में बीसीसीआई का बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर चुना गया.
गिल को दूसरी बार मिला बड़ा सम्मान
गिल के लिए यह दूसरी बार ‘क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड है. इससे पहले उन्होंने 2023 में यह सम्मान जीता था. उस साल उन्होंने बतौर ओपनर वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 29 मैचों में 1584 रन बनाए थे. उनका औसत 63.36 और स्ट्राइक रेट 105.45 रहा था, जिसमें 5 शतक भी शामिल थे.
2025 में गिल का शानदार प्रदर्शन
2025 में भी गिल का प्रदर्शन शानदार रहा, खासकर टेस्ट क्रिकेट में. इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत के लिए सबसे ज्यादा 754 रन बनाए. उन्होंने 10 पारियों में 75.40 की औसत से रन बनाए, जिसमें चार शतक और 269 रन की सर्वश्रेष्ठ पारी शामिल रही.
यह उनका कप्तान के तौर पर पहला टेस्ट सीरीज था, जिसमें उन्होंने रोहित शर्मा की जगह टीम की कमान संभाली थी.
चैम्पियंस ट्रॉफी में भी निभाई अहम भूमिका
आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी में भी गिल ने अहम योगदान दिया. टूर्नामेंट की शुरुआत में वह दुनिया के नंबर-1 वनडे बल्लेबाज थे. उन्होंने पहले ही मैच में बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 101 रन बनाए. पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 188 रन बनाकर भारत के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे.
स्मृति मंधाना का शानदार साल
स्मृति मंधाना के लिए यह पांचवीं बार यह अवॉर्ड है. इससे पहले वह 2018, 2020–21, 2021–22, 2023–24 और 2024–25 में भी यह सम्मान जीत चुकी हैं. 2025 में मंधाना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 1703 रन बनाए, जिसमें 1362 रन वनडे में आए. यह किसी भी महिला खिलाड़ी द्वारा एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा वनडे रन का रिकॉर्ड है.
वर्ल्ड कप जीत में निभाई अहम भूमिका
विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में भी मंधाना ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 9 मैचों में 434 रन बनाए और भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं. पूरे टूर्नामेंट में वह दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी भी थीं. उनकी शानदार बल्लेबाजी ने भारत को खिताब जीतने में बड़ी भूमिका निभाई.
टी20 में भी बनाया बड़ा रिकॉर्ड
दिसंबर 2025 में मंधाना ने श्रीलंका के खिलाफ विशाखापत्तनम में एक और बड़ा मुकाम हासिल किया. वह महिला टी20 इंटरनेशनल में 4000 रन बनाने वाली पहली भारतीय और दुनिया की दूसरी खिलाड़ी बन गईं.