scorecardresearch
 

वैभव सूर्यवंशी को तराशने वाले शख्स की मुंबई इंडियंस में एंट्री... मिली ये बड़ी जिम्मेदारी

मुंबई इंडियंस में जुबिन भरूचा हेड कोच महेला जयवर्धने और मौजूदा कोचिंग स्टाफ के साथ काम करेंगे. उनकी जिम्मेदारी केवल सीनियर टीम तक सीमित रहने के बजाय एमआई के पूरे क्रिकेटिंग इकोसिस्टम और खिलाड़ियों के विकास से जुड़ी होगी.

Advertisement
X
जुब‍िन भरूचा अब मुंबई इंडियंस के साथ काम करेंगे. (Photo: ITG)
जुब‍िन भरूचा अब मुंबई इंडियंस के साथ काम करेंगे. (Photo: ITG)

पांच बार की आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) ने अगले सीजन से अपने सपोर्ट स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है. एमआई ने जुबिन भरूचा को टीम का नया डायरेक्टर ऑफ परफॉर्मेंस नियुक्त किया है. राजस्थान रॉयल्स (RR) के साथ लंबे समय तक काम कर चुके भरूचा अब मुंबई इंडियंस के हाई-परफॉर्मेंस और प्लेयर डेवलपमेंट सिस्टम का अहम हिस्सा होंगे. मुंबई इंडियंस ने शनिवार (22 अगस्त) को भरूचा की नियुक्ति की घोषणा की. फ्रेंचाइजी के मुताबिक वह एमआई के मौजूदा बहु-अनुशासनात्मक लीडरशिप ग्रुप के साथ मिलकर काम करेंगे और परफॉर्मेंस से जुड़े अलग-अलग विभागों के बीच तालमेल स्थापित करने में भूमिका निभाएंगे.

56 साल के जुबिन भरूचा लंबे समय तक राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेटिंग सेटअप का हिस्सा रहे. वह 2008 से 2015 तक टीम डायरेक्टर रहे. राजस्थान पर दो साल का प्रतिबंध समाप्त होने के बाद वह 2018 में दोबारा फ्रेंचाइजी से जुड़े और 2026 तक डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशंस सहित अलग-अलग वरिष्ठ भूमिकाएं निभाईं.  इन सबके बीच उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के साथ भी कुछ समय काम किया था.

राजस्थान रॉयल्स में उनकी सबसे बड़ी पहचान युवा भारतीय प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें तैयार करने की रही. संजू सैमसन से लेकर यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल तक कई खिलाड़ियों के विकास में उनका योगदान रहा. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के तेजी से उभरने के पीछे भी राजस्थान के जिस प्लेयर डेवलपमेंट सिस्टम की चर्चा हुई, उसका जुबिन भरूचा अहम हिस्सा थे.

Advertisement

भरूचा का कैसा रहा क्रिकेट करियर?
जुबिन भरूचा खुद भी फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेल चुके हैं. उन्होंने मुंबई और सरे का प्रतिनिधित्व किया था. भरूचा ने 17 फर्स्ट क्लास मैचों में 42.54 की औसत से 1021 रन बनाए, जिसमें 3 शतक और 4 अर्धशतक शामिल रहे. वहीं 11 लिस्ट-ए मैचों में भरूचा के नाम पर 18.90 के एवरेज से 189 रन दर्ज हैं. लिस्ट-ए क्रिकेट में भरूचा ने 2 अर्धशतक जड़े. खिलाड़ी के तौर पर मिले अनुभव के बाद उन्होंने क्रिकेट मैनेजमेंट और हाई-परफॉर्मेंस सिस्टम में लंबा समय बिताया है.

मुंबई इंडियंस की नजरें एक बार फिर आईपीएल ट्रॉफी जीतने पर है. पांच बार की चैम्पियन टीम ने आखिरी बार 2020 में खिताब जीता था. उसके बाद प्रदर्शन में निरंतरता की कमी रही है और टीम केवल दो बार प्लेऑफ तक पहुंच सकी. साथ ही मुंबई इंडियस दो सीजन के दौरान अंकतालिका में आखिरी स्थान पर रही, जबकि एक बार नौवें नंबर पर उसका अभियान समाप्त हुआ.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement