भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टी20 मुकाबले से पहले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी सबसे ज्यादा चर्चा में हैं. हालांकि उनकी प्लेइंग इलेवन में जगह को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है, लेकिन इंग्लैंड की टीम ने इस युवा तुर्क के खिलाफ अपनी रणनीति पहले ही तैयार कर ली है. मेजबान टीम का मानना है कि अगर वैभव को मौका मिला तो वह शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करेंगे.
इंग्लैंड के दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने खुलासा किया कि टीम के भीतर वैभव सूर्यवंशी को लेकर खास चर्चा हुई है. उन्होंने अपने गेंदबाजों को पहले ही चेतावनी दे दी है कि भारतीय बल्लेबाज पहली ही गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश कर सकता है.
जोस बटलर ने कहा- वैभव सूर्यवंशी निडर खिलाड़ी हैं. मैंने अपने गेंदबाजों से कहा है कि अगर वह खेलता है तो शायद पहली ही गेंद पर छक्का मारने की कोशिश करेगा. हमने साथ में डिनर किया और मैंने लड़कों से कहा कि वह अपने डेब्यू मैच में पहली ही गेंद पर छक्का लगाने की कोशिश करेगा. उसे इंटरनेशनल क्रिकेट में भी पहली गेंद पर छक्का मारने का रिकॉर्ड बनाना पसंद आएगा.
बटलर के इस बयान से साफ है कि इंग्लैंड की टीम वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी से पूरी तरह वाकिफ है और उसके मुताबिक अपनी रणनीति तैयार कर चुकी है.
#VaibhavSooryavanshi 🤝 FEARLESSNESS
— Star Sports (@StarSportsIndia) July 1, 2026
High praise from #JosButtler for India's young batting sensation 💥#ENGvIND 👉 1st T20I | WED, 1st JULY, 𝟗 𝐏𝐌 on JioHotstar pic.twitter.com/NPdNz4ooTP
इंग्लैंड में पहले ही दिखा चुके हैं दम
वैभव सूर्यवंशी के लिए इंग्लैंड की परिस्थितियां नई नहीं हैं. वह इससे पहले भारत अंडर-19 टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं.15 वर्षीय बल्लेबाज ने इंग्लैंड में खेले 5 यूथ वनडे मुकाबलों में 355 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक निकला. उनका सर्वोच्च स्कोर 143 रन रहा. सिर्फ रन ही नहीं, वैभव ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से भी सबको प्रभावित किया. इन पांच मुकाबलों में उन्होंने 30 चौके और 29 छक्के लगाए. उनका स्ट्राइक रेट 174.01 और बल्लेबाजी एवरेज 71 रहा.
वैभव के डेब्यू पर सबकी नजर
वैभव सूर्यवंशी को पहले टी20 मुकाबले में मौका मिलेगा या नहीं, इस पर अंतिम फैसला टीम मैनेजमेंट करेगा. लेकिन इतना तय है कि इंग्लैंड ने इस युवा बल्लेबाज को हल्के में लेने की गलती नहीं की है. जोस बटलर के बयान से साफ है कि मेजबान टीम का हर गेंदबाज वैभव की पहली गेंद से ही आक्रामक बल्लेबाजी करने की मानसिकता को ध्यान में रखकर मैदान पर उतरने वाला है.