80 के दशक के मशहूर एक्टर राज किरण आज भी बॉलीवुड के सबसे बड़े अनसुलझे रहस्यों में से एक हैं. एक समय पर कई हिट फिल्मों में नजर आने वाले राज किरण साल 2003 के बाद अचानक गायब हो गए. आज तक उनकी आधिकारिक लोकेशन किसी को नहीं पता. अब एक बार फिर एक्ट्रेस सोमी अली ने उन्हें खोजने की मुहिम तेज कर दी है और लोगों से मदद की अपील की है.
'16 साल से ढूंढ रहा हूं राज किरण को'
सोमी अली ने सोशल मीडिया पर कई दस्तावेज, तस्वीरें और हलफनामा शेयर करते हुए बताया कि वह पिछले 16 साल से राज किरण की तलाश कर रहे हैं. उन्होंने लिखा कि यह सिर्फ एक खोज नहीं, बल्कि दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर (चिंटू जी) से किया गया वादा भी है.
सोमी ने लिखा- शूटिंग के दौरान मैंने चिंटू जी से वादा किया था कि मैं राज किरण को ढूंढना कभी नहीं छोड़ूंगी. 16 साल हो गए, लेकिन मैं आज भी उनकी तलाश में हूं.
सोमी ने बताया कि प्राइवेट इन्वेस्टिगेटर्स की मदद से उन्हें कई पते मिले. वह न्यूयॉर्क के एक अपार्टमेंट तक भी पहुंचीं. वहां फ्रंट डेस्क पर मौजूद कर्मचारी ने बताया कि राज किरण वहां कभी नहीं रहे, लेकिन उनके भाई गोबिंद महतानी, उनकी पत्नी जूडी और बेटी करीब 11 साल तक उसी अपार्टमेंट में रहे थे.
इनाम देने का भी किया ऐलान
सोमी ने दावा किया कि उन्होंने राज किरण के परिवार के कई लोगों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. एक्ट्रेस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास राज किरण के बारे में पक्की और भरोसेमंद जानकारी है, चाहे वह किसी मानसिक स्वास्थ्य केंद्र में हों या किसी घर में रह रहे हों, तो वह उनसे संपर्क करे. उन्होंने कहा कि सही जानकारी देने वाले को इनाम भी दिया जाएगा.
सोमी अली ने जिन दस्तावेजों को साझा किया, उनमें राज किरण की पुरानी तस्वीर, उनकी बुनियादी जानकारी और अमेरिका में उनकी तलाश से जुड़े नोट्स शामिल हैं.
एक हलफनामे में सोमी ने दावा किया है कि- राज किरण साल 2003 से लापता हैं. आखिरी बार उनके अटलांटा (जॉर्जिया) में होने की जानकारी मिली थी. उनके मानसिक स्वास्थ्य को लेकर पहले भी रिपोर्ट्स सामने आई थीं. उन्होंने अमेरिका के स्थानीय प्रशासन, निजी जांचकर्ताओं और मेडिकल संस्थानों की मदद से भी तलाश की है. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
अटलांटा के अस्पताल वाली कहानी पर भी विवाद
राज किरण को लेकर सालों से अलग-अलग दावे किए जाते रहे हैं. एक समय ऋषि कपूर और कुछ अन्य फिल्मी हस्तियों ने कहा था कि राज किरण अमेरिका के अटलांटा स्थित एक मानसिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज करा रहे हैं.
लेकिन बाद में राज किरण की बेटी ऋषिका महतानी ने इस दावे को खारिज कर दिया था. उनका कहना था कि उनके पिता का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है और अस्पताल में होने की बात सही नहीं है. यही वजह है कि आज भी राज किरण की असली लोकेशन रहस्य बनी हुई है.
फैंस भी पूछ रहे हैं- आखिर कहां हैं राज किरण?
सोमी अली की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर फिर से राज किरण की चर्चा शुरू हो गई है. कई लोग उनकी सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहे हैं, तो कई यूजर्स इसे बॉलीवुड के सबसे रहस्यमयी मिसिंग केस में से एक बता रहे हैं.
फिलहाल सच यही है कि राज किरण के ठिकाने की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है. सोमी अली की तलाश जारी है और शायद आने वाले समय में इस लंबे रहस्य से पर्दा उठ सके.